होमवीडियो
ब्रेकिंग
sliderimg

परीक्षा देने जा रही नवविवाहिता को तेज रफ्तार बस ने रौंदा, मौके पर ही थमी सांसें, पति गंभीर

5:38 PM, Jul 2, 2026

मुस्कान​ सिंह
R Express भारत

Share:

रफ्तार के कहर ने एक बार फिर हंसते-खेलते परिवार को कभी न भूलने वाला जख्म दे दिया है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बीबीडी इलाके में एक बेहद दिल दहला देने

परीक्षा देने जा रही नवविवाहिता को तेज रफ्तार बस ने रौंदा, मौके पर ही थमी सांसें, पति गंभीर

परीक्षा देने जा रही नवविवाहिता को तेज रफ्तार बस ने रौंदा फोटो सौ0 RExpress भारत

लखनऊ। रफ्तार के कहर ने एक बार फिर हंसते-खेलते परिवार को कभी न भूलने वाला जख्म दे दिया है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बीबीडी इलाके में एक बेहद दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ अपने पति के साथ मोटरसाइकिल से परीक्षा देने जा रही एक 26 वर्षीय नवविवाहिता को तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने बेरहमी से कुचल दिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि, महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। इस हादसे के बाद शादी की खुशियाँ मातम में बदल गई हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक, बाराबंकी के भदोसराय की रहने वाली 26 साल की स्मृति पांडे की शादी इसी साल 26 फरवरी को लखनऊ के सैरपुर के रहने वाले अतुल पांडे से हुई थी। अतुल एक निजी संस्थान में कोचिंग पढ़ाने का काम करते हैं। दोनों अपनी नई जिंदगी की शुरुआत कर ही रहे थे कि नियति को कुछ और ही मंजूर था। शादी को अभी महज चार महीने ही बीते थे कि इस भयानक हादसे ने दोनों को हमेशा के लिए जुदा कर दिया।

स्मृति के पिता देवेंद्र तिवारी ने रोते हुए बताया कि, उनकी बेटी की टीईटी की परीक्षा थी। परीक्षा केंद्र अयोध्या में था। सुबह समय से पहुँचने के लिए दामाद अतुल बृहस्पतिवार सुबह तड़के करीब 5 बजे स्मृति को अपनी मोटरसाइकिल पर बिठाकर अयोध्या के लिए रवाना हुए थे। सुबह का वक्त था और सड़कें काफी हद तक खाली थीं, लेकिन रफ्तार के सौदागरों की लापरवाही ने सब कुछ तबाह कर दिया।

मर्सिडीज कट के पास काल बनी प्राइवेट बस

दोनों की मोटरसाइकिल जैसे ही बीबीडी इलाके में स्थित रामस्वरूप इंजीनियरिंग कॉलेज के पास मर्सिडीज कट के नजदीक पहुँची, तभी पीछे से आ रही एक अनियंत्रित और बेहद तेज रफ्तार निजी बस ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया। पीछे बैठी स्मृति सड़क के दाईं तरफ गिर गईं। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, तेज रफ्तार बस का पिछला पहिया स्मृति को रौंदते हुए निकल गया। सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आने की वजह से स्मृति ने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। वहीं, मोटरसाइकिल से दूर गिरने के कारण अतुल भी लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

राहगीरों ने दी सूचना, परिवार में मचा कोहराम

सुबह के वक्त सड़क से गुजर रहे स्थानीय लोगों और राहगीरों ने जब इस खौफनाक मंजर को देखा, तो उनके होश उड़ गए। लोगों ने तुरंत इस बात की खबर स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची पुलिस ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर घायल अतुल को नजदीकी अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने अतुल के पास मिले मोबाइल फोन से उनके परिवार वालों को इस अनहोनी की जानकारी दी। जैसे ही यह खबर दोनों परिवारों तक पहुँची, घर में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन तुरंत घटनास्थल पर पहुँचे। पुलिस ने कानूनी कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद स्मृति के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हादसे के बाद आरोपी बस चालक गाड़ी लेकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा। मृतका के पिता देवेंद्र तिवारी और अन्य परिजनों ने पुलिस से मांग की है कि घटनास्थल के आस-पास और मर्सिडीज कट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जाए। परिजनों का कहना है कि, फुटेज की जांच करके आरोपी प्राइवेट बस के नंबर का पता लगाया जाए और उसे व उसके ड्राइवर को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाए। पुलिस ने परिजनों को आश्वासन दिया है कि मामले की पूरी जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।

विज्ञापन

विज्ञापन

सम्बंधित खबर

अपना शहर

और देखें

विज्ञापन

Follow Us:

Download App

Play Store

Subscribe Now

Play StoreR Express Bharat
Develop & Design by SpriteEra IT Solutions

Copyright © RexpressBharat, 2026