बीमार मां का इलाज कराने आई 16 साल की छात्रा की ट्रेन की चपेट में आने से मौत
2:55 PM, Aug 18, 2026
R Express भारत
Share:
लखनऊ के गोमती नगर विस्तार इलाके में अपनी बीमार मां का इलाज करवाने आई 16 वर्षीय हाई स्कूल की छात्रा की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई।

sketch by- google
लखनऊ के गोमती नगर विस्तार इलाके में अपनी बीमार मां का इलाज करवाने आई 16 वर्षीय हाई स्कूल की छात्रा की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से ही पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतका की पहचान आजमगढ़ की रहने वाली मुस्कान के रूप में हुई है
जानकारी के मुताबिक, आजमगढ़ जिले के फूलपुर की रहने वाली 16 वर्षीय मुस्कान इस साल हाई स्कूल की पढ़ाई कर रही थी। उसकी बड़ी बहन मोनिका लखनऊ के गोमती नगर विस्तार स्थित खरगापुर इलाके में रहकर नौकरी करती है। परिजनों ने बताया कि उनकी मां मंजू की तबीयत काफी समय से खराब चल रही है, जिनका इलाज लखनऊ के ही एक अस्पताल से चल रहा है। मां की देखभाल और अस्पताल में दिखाने के लिए मुस्कान रविवार को अपनी मां के साथ आजमगढ़ से लखनऊ अपनी बहन के पास आई थी।
टहलने की बात कहकर निकली थी घर से
सोमवार को परिवार के लोग मां को अस्पताल लेकर गए थे। वहाँ डॉक्टरों को दिखाने के बाद सभी वापस लौटे। दोपहर करीब 2:00 बजे मुस्कान ने घर में अपनी बहन से कहा कि वह थोड़ी देर के लिए बाहर टहलने जा रही है। लेकिन जब काफी समय बीत जाने के बाद भी वह वापस नहीं लौटी, तो बहन और मां को चिंता होने लगी। परिवार के लोगों ने आसपास के इलाकों में उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन मुस्कान का कहीं कोई अता-पता नहीं चला।
लापता मुस्कान की तलाश के दौरान ही परिवार के एक परिचित व्यक्ति ने मोनिका को एक हैरान करने वाली जानकारी दी। परिचित ने बताया कि खरगापुर रेलवे ट्रैक के किनारे एक लड़की का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही बदहवास परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे, जहाँ उन्होंने शव की पहचान मुस्कान के रूप में की। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया।
परिजनों ने नहीं जताया कोई शक
शुरुआती जांच के बाद पुलिस का कहना है कि, हादसा ट्रेन की चपेट में आने की वजह से हुआ है। इस दर्दनाक घटना से मुस्कान के पिता सत्यनारायण, मां मंजू और बहन मोनिका का रो-रोकर बुरा हाल है। घरवालों ने फिलहाल इस मामले में किसी भी व्यक्ति पर कोई शक या आरोप नहीं लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हादसे के सही कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

