ठाकुरगंज में आधी रात को बेडरूम में घुसा 7 फीट का अजगर, सहमा परिवार
4:07 PM, Jul 26, 2026
R Express भारत
Share:
ठाकुरगंज थाना में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ के पुराना तोपखाना में रहने वाले सर्वेश अवस्थी के घर में आधी रात को उस समय हड़कंप मच गया, ज

बेडरूम में काल बनकर आया विशाल अजगर फोटो सौ0 RExpress भारत
लखनऊ। ठाकुरगंज थाना में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ के पुराना तोपखाना में रहने वाले सर्वेश अवस्थी के घर में आधी रात को उस समय हड़कंप मच गया, जब उनके बेडरूम में करीब 7 फीट लंबा भारी-भरकम अजगर रेंगता हुआ दिखाई दिया। सोते समय अचानक सामने आए इस विशाल जीव को देखकर सर्वेश, उनकी पत्नी और दोनों बच्चे बुरी तरह डर गए।
अजगर को कमरे में देखकर डरे हुए परिवार ने तुरंत रात करीब 1 बजे इमरजेंसी नंबर 112 पर कॉल करके मदद मांगी। पीड़ित परिवार का आरोप है कि आपातकालीन स्थिति के बावजूद उन्हें तुरंत राहत नहीं मिली। सहायता करने के बजाय उन्हें एक के बाद एक कई अलग-अलग नंबर थमा दिए गए। परिवार रात के सन्नाटे में एक नंबर से दूसरे नंबर पर कॉल घुमाता रहा, लेकिन घंटों बीत जाने के बाद भी कोई भी रेस्क्यू टीम मौके पर नहीं पहुंची।
मजबूरी में खुद की जान दांव पर लगाई
करीब दो घंटे तक जब कहीं से कोई मदद नहीं मिली और बच्चों की जान पर बन आई, तो सर्वेश ने खुद ही जोखिम उठाने का फैसला किया। परिवार के सदस्यों ने हिम्मत जुटाई और काफी मशक्कत के बाद अजगर को एक बोरी में बंद कर दिया। अजगर बाहर न निकल पाए, इसके लिए उसे एक बड़े बर्तन से ढक कर रख दिया गया। इसके बाद पूरा परिवार खौफ के साये में जागकर सुबह होने का इंतजार करता रहा। सुबह करीब 9:30 बजे वन विभाग के कर्मचारी पहुंचे और बोरी में बंद अजगर को अपने साथ ले गए।
कागजी दावों और हकीकत में बड़ा फेरबदल
इस पूरे घटनाक्रम के बाद अब वन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सर्वेश अवस्थी का आरोप है कि विभाग अपनी नाकामी छुपाने के लिए झूठी रिपोर्ट तैयार कर रहा है। विभाग का दावा है कि अजगर को रात में ही पकड़कर जंगल में छोड़ दिया गया था, जबकि पीड़ित परिवार के पास खुद अजगर को काबू करने का पूरा वीडियो मौजूद है। इस मामले के सामने आने के बाद अब स्थानीय लोगों में रोष है और लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।

