कुत्ते को बचाने के चक्कर में हादसा, मजदूर की मौत के बाद ऑटो चालक फरार
4:43 PM, Oct 28, 2026
R Express भारत
Share:
मलिहाबाद इलाके में रफ्तार के जुनून और लापरवाही ने एक और हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया है। मंगलवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में ई-ऑटो से गिरकर एक मजद

sketch by - RExpress भारत
लखनऊ । मलिहाबाद इलाके में रफ्तार के जुनून और लापरवाही ने एक और हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया है। मंगलवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में ई-ऑटो से गिरकर एक मजदूर की जान चली गई। हादसे के बाद चालक इंसानियत भूलकर घायल को सड़क पर ही तड़पता छोड़ अपनी गाड़ी लेकर मौके से भाग निकला।
मिली जानकारी के अनुसार, रहीमाबाद के जमुलिया गांव में रहने वाले 40 वर्षीय गुड्डू हर दिन की तरह मंगलवार को भी मजदूरी करने के लिए मलिहाबाद आए हुए थे। दिनभर पसीना बहाने के बाद, शाम को करीब 6:30 बजे वह अपने घर लौटने के लिए एक ई-ऑटो में सवार हुए। चश्मदीदों के मुताबिक, ई-ऑटो की रफ्तार काफी तेज थी। जैसे ही ऑटो नजर नगर के पास पहुंचा, तभी अचानक उसके सामने एक कुत्ता आ गया।
अचानक मारा कट और हो गया बड़ा हादसा
तेज रफ्तार ई-ऑटो के सामने आए कुत्ते को बचाने के चक्कर में ड्राइवर ने आपा खो दिया और गाड़ी को तेजी से एक तरफ मोड़ दिया। स्पीड ज्यादा होने की वजह से ऑटो जोरदार तरीके से लहरा गया। इस झटके के कारण ऑटो में किनारे की सीट पर बैठे गुड्डू खुद को संभाल नहीं पाए और सीधे पक्की सड़क पर जा गिरे। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट आने की वजह से वह लहूलुहान होकर वहीं तड़पने लगे।
घायल को तड़पता छोड़ भागा ड्राइवर
हादसा होते ही वहां चीख-पुकार मच गई। घायल की मदद करने के बजाय ई-ऑटो चालक अपनी गाड़ी की स्पीड बढ़ाकर मौके से रफूचक्कर हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तुरंत गुड्डू को मलिहाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। इसके साथ ही पुलिस ने गुड्डू के पास मिले मोबाइल फोन से उनके परिजनों को हादसे की खबर दी। खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया और रोते-बिलखते परिजन अस्पताल की तरफ भागे। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी, डॉक्टरों ने जांच के बाद गुड्डू को मृत घोषित कर दिया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक के भाई कुलदीप ने बताया कि गुड्डू ही अपने घर का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसकी मौत की खबर सुनते ही पत्नी सुदामा बदहवास हो गई है। पिता का साया सिर से उठने के बाद मासूम बेटे और बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे जमुलिया गांव में इस घटना के बाद से मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है, वहीं फरार ऑटो चालक की तलाश की जा रही है।

