मोहनलालगंज में पार्टी के दौरान हवाई फायरिंग, मुख्य आरोपी गौरव शर्मा गिरफ्तार, दो हिरासत में
6:50 PM, Jul 21, 2026
R Express भारत
Share:
लखनऊ के मोहनलालगंज इलाके से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां एक रिसॉर्ट में चल रही पार्टी के दौरान खुलेआम हवाई फायरिंग की गई। पुलिस ने इस मामले में तुरंत एक्

आरोपी गौरव शर्मा गिरफ्तार फोटो सौ0RExpress भारत
उत्तर प्रदेश। लखनऊ के मोहनलालगंज इलाके से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां एक रिसॉर्ट में चल रही पार्टी के दौरान खुलेआम हवाई फायरिंग की गई। पुलिस ने इस मामले में तुरंत एक्शन लेते हुए मुख्य आरोपी को दबोच लिया है, जबकि दो अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी और मौके पर मौजूद के बयानों के बाद खुलकर सामने आई।
यह घटना मोहनलालगंज क्षेत्र में स्थित स्पैरो रिसॉर्ट की है। पुलिस को मिली शिकायत के मुताबिक, 19 जुलाई की रात को इस रिसॉर्ट में एक पार्टी का आयोजन किया गया था। इस पार्टी को रिंकू उर्फ आशीष तिवारी नाम के व्यक्ति के जरिए बुक किया गया था। आरोप है कि पार्टी जब अपने पूरे शबाब पर थी, तभी देर रात वहां मौजूद कुछ लोगों ने उत्साह में आकर हवा में गोलियां चलाना शुरू कर दिया। रिसॉर्ट जैसे सार्वजनिक स्थान पर इस तरह खुलेआम असलहे लहराने और फायरिंग करने से वहां मौजूद स्टाफ और अन्य लोगों में हड़कंप मच गया।
शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस
इस मामले की लिखित शिकायत सीतापुर के रहने वाले जितेंद्र सिंह ने पुलिस में दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद लखनऊ पुलिस के बड़े अधिकारियों के निर्देश पर एक खास टीम बनाई गई। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए 21 जुलाई को इस मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान 31 वर्षीय गौरव शर्मा के रूप में हुई है, जो लखनऊ के कैसरबाग इलाके का रहने वाला है और फिलहाल पढ़ाई करता है।
पुलिस ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया है क्योंकि इस तरह की लापरवाही से किसी की भी जान जा सकती थी। आरोपी गौरव शर्मा को गिरफ्तार करने के बाद अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता और क्रिमिनल लॉ अमेंडमेंट एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस की टीम अब घटना में इस्तेमाल किए गए हथियारों को बरामद करने की कोशिश कर रही है। साथ ही पार्टी में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है ताकि इस मामले से जुड़े हर चेहरे को सामने लाया जा सके।

