होमवीडियो
ब्रेकिंग
sliderimg
sliderimg

अजीत सिंह हत्याकांड: पूर्व सांसद धनंजय सिंह के खिलाफ कोर्ट में नई अर्जी

1:44 PM, Nov 25, 2026

मुस्कान​ सिंह
R Express भारत

Share:

लखनऊ के बहुचर्चित अजीत सिंह हत्याकांड में एक बार फिर कानूनी हलचल तेज हो गई है। इस मामले के मुख्य चश्मदीद और हमले में घायल हुए मोहर सिंह ने जौनपुर के पूर्व

अजीत सिंह हत्याकांड: पूर्व सांसद धनंजय सिंह के खिलाफ कोर्ट में नई अर्जी

photo by - ( chat GPT )

लखनऊ के बहुचर्चित अजीत सिंह हत्याकांड में एक बार फिर कानूनी हलचल तेज हो गई है। इस मामले के मुख्य चश्मदीद और हमले में घायल हुए मोहर सिंह ने जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह के खिलाफ अदालत का दरवाजा खटखटाया है। मोहर सिंह ने विशेष अदालत में एक नया प्रार्थना पत्र देकर मांग की है कि धनंजय सिंह पर भी हत्या और इसकी साजिश रचने का मुकदमा चलाया जाए।

अर्जी में लगाए गए गंभीर आरोप

मोहर सिंह की ओर से अदालत में पेश किए गए दस्तावेज में पूर्व सांसद की भूमिका पर कई बड़े सवाल उठाए गए हैं। अर्जी में कहा गया है कि अजीत सिंह की हत्या की पूरी योजना तैयार करने, उसे अंजाम तक पहुंचाने और शूटरों के लिए पैसे व अन्य संसाधनों का इंतजाम करने में धनंजय सिंह की सीधा हाथ था। शिकायतकर्ता का दावा है कि मुकदमे की सुनवाई के दौरान कई गवाहों ने भी अदालत के सामने पूर्व सांसद के खिलाफ अपनी गवाही दर्ज कराई है। अर्जी में यह भी आरोप लगाया गया है कि धनंजय सिंह अपने राजनीतिक रसूख और संपर्कों का गलत इस्तेमाल करते रहे हैं।

अदालत ने तय की अगली तारीख

विशेष न्यायाधीश उमाकांत जिंदल की अदालत में इस नए आवेदन पर शुरुआती सुनवाई हुई। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मोहर सिंह की अर्जी की एक कॉपी पूर्व सांसद धनंजय सिंह के वकीलों को सौंपने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने बचाव पक्ष को अपना जवाब और आपत्ति दर्ज कराने का समय देते हुए इस मामले की अगली सुनवाई के लिए 1 दिसंबर 2026 की तारीख तय की है। इसी दिन यह तय होगा कि इस अर्जी को स्वीकार किया जाएगा या नहीं।

क्या था पूरा मामला?

गौरतलब है कि यह सनसनीखेज वारदात 6 जनवरी 2021 की रात लखनऊ के पॉश इलाके विभूति खंड के कठौता चौराहे के पास हुई थी। मऊ जिले के मोहम्मदाबाद गोहना के पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अजीत सिंह अपनी गाड़ी से जा रहे थे, तभी बदमाशों ने उन्हें घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। इस हमले में अजीत सिंह को करीब 25 गोलियां लगी थीं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी।

हमले के वक्त अजीत सिंह के साथ मौजूद उनके साथी मोहर सिंह के पैर में भी गोली लगी थी। इस घटना के अगले ही दिन यानी 7 जनवरी 2021 को मोहर सिंह ने विभूति खंड थाने में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। पुलिस की शुरुआती जांच में पूर्वांचल के माफिया ध्रुव सिंह उर्फ कुंटू, अखंड प्रताप सिंह और गिरधारी समेत कई शूटरों के नाम सामने आए थे। बाद में जांच के दौरान धनंजय सिंह का नाम भी साजिशकर्ता के तौर पर चर्चा में आया था, लेकिन अब मोहर सिंह की इस नई पहल ने एक बार फिर पूर्व सांसद की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

विज्ञापन

विज्ञापन

सम्बंधित खबर

अपना शहर

और देखें

विज्ञापन

Follow Us:

Download App

Play Store

Subscribe Now

Play StoreR Express Bharat
Develop & Design by SpriteEra IT Solutions

Copyright © RexpressBharat, 2026