मथुरा पहुंचे अनंत अंबानी, मुखारबिंद मंदिर में पूजा कर नंगे पैर पूरी की गोवर्धन परिक्रमा
2:31 PM, Nov 28, 2026
R Express भारत
Share:
रिलायंस समूह के युवा उद्यमी अनंत अंबानी अपनी दो दिनों की आध्यात्मिक यात्रा पर भगवान श्रीकृष्ण की पावन नगरी मथुरा पहुंचे हैं। शुक्रवार देर शाम आगरा हवाई अड्

अनंत अंबानी ने नंगे पैर पूरी की गोवर्धन परिक्रमा फोटो सौ0 RExpress भारत
उत्तर प्रदेश।रिलायंस समूह के युवा उद्यमी अनंत अंबानी अपनी दो दिनों की आध्यात्मिक यात्रा पर भगवान श्रीकृष्ण की पावन नगरी मथुरा पहुंचे हैं। शुक्रवार देर शाम आगरा हवाई अड्डे पर उतरने के बाद वे सड़क मार्ग से सीधे गोवर्धन धाम पहुंचे। यहां उन्होंने जतीपुरा स्थित प्रसिद्ध मुकुट मुखारबिंद मंदिर में जाकर गिरिराज महाराज के दर्शन किए और पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की।
56 भोग और श्रृंगार आरती में हुए शामिल
मंदिर पहुंचने पर बल्लभ कुल के तिलकायत गोस्वामी विशाल बाबा ने अनंत अंबानी को विशेष पूजा कराई। इस अवसर पर अनंत ने प्रभु गिरिराज जी के चरणों में 56 प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों का भोग अर्पित किया और संध्या कालीन आरती में भाग लेकर अपने परिवार तथा देश की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। पूजा संपन्न होने के बाद मंदिर के पुजारियों ने उन्हें भगवान का प्रसाद और पारंपरिक दुपट्टा भेंट कर सम्मानित किया। इसके अलावा उन्होंने मदन मोहन जी के मंदिर में भी मत्था टेका।
नंगे पैर पूरी की गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा
भगवा रंग का कुर्ता और सिर पर पीली पगड़ी बांधे अनंत अंबानी का यह बेहद सादगी भरा और भक्तिमय रूप ब्रजवासियों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। दर्शन के पश्चात उन्होंने नंगे पैर ही गोवर्धन पर्वत की पवित्र परिक्रमा शुरू की। लगभग 12 किलोमीटर लंबी इस परिक्रमा को उन्होंने करीब साढ़े तीन घंटे में पैदल चलकर पूरा किया। उनके साथ राज्यसभा सदस्य परिमल नाथवानी और कई संत-महात्मा भी मौजूद रहे।
भजनों पर झूमे अनंत, ब्रजवासियों ने किया स्वागत
परिक्रमा मार्ग पर अनंत अंबानी के पहुंचने की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जगह-जगह ब्रज के लोक कलाकारों ने अपनी कला का प्रदर्शन कर उनका स्वागत किया। अनंत ने भी हाथ जोड़कर सभी ब्रजवासियों का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान वे रास्ते भर आम भक्तों के साथ 'हरे राम, हरे कृष्ण' और 'राधे-राधे' के भजनों पर झूमते और जयकारे लगाते नजर आए। सुरक्षा के मद्देनजर उनके साथ निजी सुरक्षाकर्मियों की एक बड़ी टीम तैनात रही।
बचपन की इच्छा हुई पूरी
यात्रा के दौरान संवाददाताओं से बातचीत करते हुए अनंत अंबानी भावुक दिखे। उन्होंने कहा कि उनके दादा-दादी और माता-पिता सहित पूरा परिवार वैष्णव परंपरा का पालन करता है। बचपन से ही उनके मन में गिरिराज जी के दरबार में आकर पैदल परिक्रमा करने की गहरी इच्छा थी, जो आज भगवान की कृपा से पूरी हो सकी है। उन्होंने ब्रज क्षेत्र के प्रति अपने गहरे लगाव को व्यक्त करते हुए कहा कि यहां आकर मन को असीम शांति मिलती है और भविष्य में भी वे इस पावन भूमि की सेवा के लिए जो संभव होगा, वह जरूर करेंगे।
वृंदावन में बांके बिहारी के दर्शन का कार्यक्रम
परिक्रमा पूरी करने के बाद अनंत अंबानी ने जतीपुरा स्थित गंगाधाम आश्रम में रात्रि विश्राम किया। अपनी यात्रा के दूसरे दिन शनिवार को उनका गिरिराज जी के महाभिषेक में शामिल होने और उसके बाद वृंदावन जाकर विश्व प्रसिद्ध ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में दर्शन करने का कार्यक्रम तय है।


