CM योगी से मिले अनुराग ठाकुर, बोले- 'यूपी अब माफिया राज से मुक्त, सांस्कृतिक विकास में आगे'
4:53 PM, Jul 14, 2026
R Express भारत
Share:
लखनऊ से एक बड़ी सियासी और रणनीतिक हलचल सामने आई है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कद्दावर नेता अनुराग ठाकुर ने मुख्यमंत्री आवास प

CM से पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने की मुलाकात फोटो सौ0 RExpress भारत
उत्तर प्रदेश। लखनऊ से एक बड़ी सियासी और रणनीतिक हलचल सामने आई है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कद्दावर नेता अनुराग ठाकुर ने मुख्यमंत्री आवास पर जाकर सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ से खास मुलाकात की है। दोनों नेताओं के बीच हुई इस बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है। मुलाकात के बाद अनुराग ठाकुर ने सोशल मीडिया पर इसकी तस्वीरें साझा कीं और खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि इस दौरान कई गंभीर और बड़े मुद्दों पर सकारात्मक बातचीत हुई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को 'आत्मनिर्भर भारत' बनाने का जो बड़ा संकल्प लिया है, उसे यूपी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पूरी ताकत से जमीन पर उतार रहे हैं। 'आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश' के निर्माण के लिए योगी सरकार जिस तरह से दिन-रात काम कर रही है, वह वाकई काबिले तारीफ है। देश की तरक्की का रास्ता उत्तर प्रदेश से होकर ही गुजरता है और मौजूदा सरकार इस जिम्मेदारी को बखूबी निभा रही है।
9 सालों में बदला यूपी का चेहरा
यूपी के बदलते माहौल और कानून-व्यवस्था पर बात करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पिछले 9 सालों में उत्तर प्रदेश का चेहरा पूरी तरह बदल चुका है। कभी अपराध और गुंडागर्दी के लिए जाना जाने वाला यह राज्य अब पूरी तरह से भयमुक्त और माफियामुक्त हो चुका है। कानून का राज कायम होने से आम जनता में सुरक्षा का भरोसा जागा है। इसके साथ ही, यूपी अब अपनी पुरानी पहचान को वापस पाते हुए सांस्कृतिक विकास और लोककल्याण के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात के कई मायने निकाले जा रहे हैं। आपको बता दें कि अनुराग ठाकुर इन दिनों 'वन नेशन, वन इलेक्शन' यानी 'एक देश, एक चुनाव' के मुद्दे पर बनी संयुक्त संसदीय समिति के काम के सिलसिले में लखनऊ के दौरे पर हैं। इस व्यस्त कार्यक्रम के बीच समय निकालकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके आवास पर मिलना यह साफ करता है कि दोनों नेताओं के बीच आपसी तालमेल कितना मजबूत है।
इस बैठक के बाद यह साफ हो गया है कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश में विकास की रफ्तार को और तेज करने तथा केंद्र की योजनाओं को हर गरीब तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार बड़े कदम उठाने जा रही है।

