वकील पर हमला या खुद की रची साजिश? आरोपी के वीडियो ने उड़ाए लखनऊ पुलिस के होश
6:38 PM, Jul 23, 2026
R Express भारत
Share:
लखनऊ के मड़ियांव इलाके में वकील कौशल पांडेय पर हुए हमले में एक ऐसा सनसनीखेज मोड़ आया है, जिसने पूरी घटना को फिल्मी कहानी जैसा बना दिया है। वारदात के मुख्य आर

आरोपी का दावा- 'गनर पाने के लिए खुद पर चलवाई गोली' फोटो सौ0 RExpress भारत
लखनऊ के मड़ियांव इलाके में वकील कौशल पांडेय पर हुए हमले में एक ऐसा सनसनीखेज मोड़ आया है, जिसने पूरी घटना को फिल्मी कहानी जैसा बना दिया है। वारदात के मुख्य आरोपी आशुतोष तिवारी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट करके दावा किया है कि वकील साहब पर किसी दुश्मन ने नहीं, बल्कि उन्होंने खुद ही अपने ऊपर गोली चलवाई थी। आरोपी के इस बयान के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और लोग हैरान हैं कि सच क्या है।
गनर पाने के लिए रची गई थी साजिश?
सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे इस वीडियो में आरोपी आशुतोष तिवारी ने बेहद चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसका कहना है कि वकील कौशल पांडेय सरकारी सुरक्षा यानी 'गनर' हासिल करना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने एक सोची-समझी योजना बनाई। आशुतोष का आरोप है कि कौशल पांडेय ने उसे और उसके दोस्त गौरव बाजपेई को इस काम के लिए तैयार किया था। इसके बदले उन्हें 20 हजार रुपये कैश, एक अवैध तमंचा और एक कारतूस भी दिया गया था। आरोपी ने यह भी दावा किया कि इस पूरी साजिश का मकसद एक पुराने विवाद में अजय कपूर नाम के व्यक्ति को फंसाना था।
वकील ने आरोपों को बताया पूरी तरह झूठा
दूसरी तरफ, जब यह वीडियो सामने आया तो पीड़ित वकील कौशल पांडेय ने इन सभी बातों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि उनके ऊपर लगे सारे आरोप पूरी तरह मनघड़ंत और झूठे हैं। वकील का कहना है कि अगर यह हमला उन्होंने खुद प्लान किया होता, तो वे पुलिस के पास जाकर आशुतोष और उसके साथियों के खिलाफ नामजद शिकायत क्यों लिखवाते? उन्होंने इसे खुद को बचाने के लिए आरोपियों की एक नई चाल बताया है।
इस पूरे मामले पर मड़ियांव इलाके के थाना प्रभारी शिवानंद मिश्रा का कहना है कि, सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसे बेहद गंभीरता से लिया गया है। पुलिस अब इस वीडियो की सच्चाई और उसमें किए गए दावों की बारीकी से जांच कर रही है। पहले से दर्ज शिकायत के आधार पर मामले की छानबीन पहले से ही चल रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों के दावों और सबूतों को परखने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। अब देखना यह होगा कि पुलिस की जांच में यह घटना आपसी रंजिश का मामला निकलती है या फिर सुरक्षा पाने का कोई हथकंडा।

