दो भारी वाहनों के बीच फंसा ऑटो, मजदूर की दर्दनाक मौत
5:12 PM, Jul 26, 2026
R Express भारत
Share:
लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कल्ली पश्चिम बाजार में रविवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। एक बेकाबू ट्रैक्टर-ट्रॉली ने सव

sketch by- google
लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कल्ली पश्चिम बाजार में रविवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। एक बेकाबू ट्रैक्टर-ट्रॉली ने सवारी भरे ऑटो को पीछे से इतनी जोरदार टक्कर मारी कि ऑटो आगे चल रहे ट्रक और ट्रैक्टर के बीच में सैंडविच बन गया। इस भयानक टक्कर में ऑटो के परखच्चे उड़ गए। हादसे के दौरान ऑटो में सवार अन्य लोग तो कूदकर जान बचाने में कामयाब रहे, लेकिन एक 32 वर्षीय मजदूर दोनों गाड़ियों के बीच बुरी तरह फंस गया। मलबे में दबने के कारण उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
मजदूरी पर निकलने से पहले आई मौत
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, लखनऊ के निगोहां इलाके के दाखिना शेखपुर गांव के रहने वाले 32 वर्षीय अमरजी पेशे से मजदूर थे। वह रोज की तरह रविवार सुबह भी अपनों का पेट पालने और मजदूरी करने के लिए ऑटो में सवार होकर लखनऊ शहर की तरफ आ रहे थे। जैसे ही उनका ऑटो पीजीआई के पास कल्ली पश्चिम बाजार के नजदीक पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर ऑटो को घसीटते हुए आगे ले गया, जहां ऑटो आगे चल रहे एक बड़े ट्रक से जा टकराया। दो बड़े और भारी वाहनों के बीच में आने से ऑटो पूरी तरह पिचक गया। चीख-पुकार मचते ही ऑटो ड्राइवर और बाकी सवारियां तो तुरंत नीचे कूद गईं और उनकी जान बच गई, लेकिन अमरजीत को संभलने का मौका नहीं मिला और वह मलबे के बीच में ही दबे रह गए।
कड़ी मशक्कत के बाद निकाला गया बाहर
बाजार के बीचो-बीच हुए इस एक्सीडेंट को देखकर पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इस बात की खबर स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए राहत काम शुरू किया। ऑटो का मलबा बुरी तरह फंसा होने के कारण अमरजीत को बाहर निकालने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
काफी कोशिशों के बाद अमरजीत को बेहद गंभीर और मरणासन्न हालत में बाहर निकाला गया। पुलिस ने तुरंत उन्हें पास के ही पीजीआई ट्रामा-2 अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, तब तक उनकी हालत बहुत ज्यादा बिगड़ चुकी थी और अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने अमरजीत के पास मौजूद मोबाइल फोन से उनके परिजनों को इस मनहूस खबर की जानकारी दी।
6 साल पहले बिखर चुका था परिवार
मृतक अमरजीत के भाई अमित ने बताया कि, अमरजीत की जिंदगी पहले से ही काफी संघर्षपूर्ण चल रही थी। करीब 6 साल पहले पारिवारिक अनबन के कारण उनकी पत्नी उनसे अलग हो गई थी। वह अपने दोनों बच्चों को भी अपने साथ लेकर चली गई थी। पत्नी के जाने के बाद से अमरजीत घर में अकेले ही रहते थे और मेहनत-मजदूरी करके अपना गुजारा चला रहे थे। रविवार सुबह भी वह काम की तलाश में ही घर से निकले थे, लेकिन किसे पता था कि वह कभी लौटकर नहीं आएंगे। इस घटना के बाद से मृतक के गांव और परिवार में मातम पसरा हुआ है।

