बाराबंकी के युवक पर लखनऊ में धोखाधड़ी और शोषण का आरोप, पुलिस ने किया गिरफ्तार
7:28 PM, Aug 21, 2026
R Express भारत
Share:
लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने एक युवती को अपने प्यार के जाल में फंसाया

बाराबंकी के युवक पर लखनऊ में धोखाधड़ी और शोषण का आरोप सौ0 RExpress भारत
लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने एक युवती को अपने प्यार के जाल में फंसाया और शादी का झांसा देकर दो साल तक उसका शारीरिक शोषण करता रहा। हद तो तब हो गई जब युवती के गर्भवती होने पर आरोपी ने जबरन उसका गर्भपात करवा दिया। पीड़िता की शिकायत पर एक्शन में आई पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा है।
दोस्ती को प्यार में बदलकर किया धोखा
मिली जानकारी के मुताबिक, बाराबंकी के कोतवाली नगर इलाके का रहने वाला 25 वर्षीय मोहम्मद करीब दो साल पहले पीड़िता के संपर्क में आया था। धीरे-धीरे दोनों की मुलाकातें बढ़ीं और गुफरान ने युवती को शादी के सुनहरे सपने दिखाए। आरोप है कि शादी का पक्का वादा करने के बाद उसने युवती के साथ जबरन संबंध बनाए। जब पीड़िता ने शादी का दबाव बनाया, तो वह लगातार बहाने बनाता रहा। इसी बीच पीड़िता गर्भवती हो गई, जिसके बाद आरोपी ने डरा-धमकाकर उसका अबॉर्शन करा दिया।
धमकियों से तंग आकर पीड़िता पहुंची थाने
आरोपी की हरकतों और लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर आखिरकार पीड़िता ने हिम्मत जुटाई। उसने लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाने में आरोपी के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता की आपबीती सुनने के बाद पुलिस ने तुरंत गंभीर धाराओं समेत दलित उत्पीड़न के तहत मामला दर्ज कर लिया और आरोपी की तलाश के लिए टीमें रवाना कर दीं।
पहले से भी दर्ज है मौत का मामला, अब जाएगा जेल
पुलिस टीमों ने घेराबंदी करते हुए आरोपी मोहम्मद गुफरान को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि गुफरान का पुराना क्रिमिनल रिकॉर्ड भी है। उसके खिलाफ पहले से ही लखनऊ के बीकेटी थाने में लापरवाही से गाड़ी चलाकर किसी की जान लेने का एक केस चल रहा है। पुलिस ने आरोपी को पकड़कर कोर्ट में पेश कर दिया है, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई को सुशांत गोल्फ सिटी के इंस्पेक्टर राजीव रंजन उपाध्याय और उनकी टीम ने अंजाम दिया।

