होमवीडियो
ब्रेकिंग
sliderimg

डिवाइडर लांघकर रॉन्ग साइड से आए ट्रक ने भोजपुरी फिल्म डायरेक्टर को रौंदा, मौत

3:56 PM, Jul 21, 2026

मुस्कान​ सिंह
R Express भारत

Share:

लखनऊ के गुडंबा थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहां मुंशी पुलिया के पास एक बेकाबू और तेज रफ्तार ट्रक ने कहर ब

डिवाइडर लांघकर रॉन्ग साइड से आए ट्रक ने भोजपुरी फिल्म डायरेक्टर को रौंदा, मौत

रोहित शर्मा की फोटो सौ0 RExpress भारत

उत्तर प्रदेश। लखनऊ के गुडंबा थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहां मुंशी पुलिया के पास एक बेकाबू और तेज रफ्तार ट्रक ने कहर बरपाया। बेलगाम ट्रक ने पहले तो सड़क के बीच बने डिवाइडर को तोड़ दिया और फिर गलत दिशा में घुसकर सामने से आ रही एक मोटरसाइकिल को बेरहमी से रौंद दिया। इस भयानक टक्कर में मोटरसाइकिल चला रहे 26 वर्षीय भोजपुरी फिल्म डायरेक्टर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका एक दोस्त गंभीर रूप से जख्मी हो गया है। हादसे को अंजाम देने के बाद आरोपी ड्राइवर ट्रक समेत मौके से भाग निकला।

शूटिंग से घर लौट रहे थे दोनों दोस्त

मिली जानकारी के मुताबिक, मूल रूप से कुशीनगर के तुरपट्टी राउत पार गांव के रहने वाले 26 वर्षीय रोहित शर्मा अपने परिवार के साथ चिनहट की शंकरपुरी कॉलोनी में रहते थे। रोहित एक होनहार युवा थे, जो आईटीआई सेकंड ईयर की पढ़ाई करने के साथ-साथ भोजपुरी सिनेमा जगत में हाथ आजमा रहे थे। उन्होंने कुछ भोजपुरी फिल्मों का निर्देशन किया था और एक फिल्म में अभिनय भी किया था।रोहित के छोटे भाई मंजेश शर्मा ने बताया कि सोमवार की शाम रोहित अपने दोस्त शोभित के साथ मलिहाबाद इलाके में एक भोजपुरी फिल्म की शूटिंग के लिए गए हुए थे। पूरी रात काम खत्म करने के बाद, मंगलवार तड़के करीब 4:00 बजे दोनों मोटरसाइकिल से वापस अपने घर चिनहट लौट रहे थे।

हेलमेट भी नहीं बचा पाया जान

जैसे ही दोनों दोस्त गुडंबा के मुंशी पुलिया के पास पहुंचे, सामने से काल बनकर आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। चश्मदीदों के मुताबिक ट्रक की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि वह डिवाइडर को फांदते हुए दूसरी तरफ आ गया और सीधे बाइक में टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि रोहित का हेलमेट सिर पर ही टूट कर बिखर गया। उनके सिर के बीचों-बीच गंभीर चोट आई और दोनों पैर भी पूरी तरह टूट गए। मौके पर मौजूद राहगीरों ने जब यह खौफनाक मंजर देखा, तो तुरंत स्थानीय पुलिस को फोन किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आनन-फानन में दोनों घायलों को एम्बुलेंस से राम मनोहर लोहिया अस्पताल भिजवाया।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें

पुलिस ने रोहित के पास मिले मोबाइल फोन के जरिए उनके घरवालों को इस हादसे की जानकारी दी। खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और सब भागते हुए राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचे। हालांकि, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद रोहित को मृत घोषित कर दिया। वहीं उनके दोस्त शोभित की हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टर उन्हें बचाने की कोशिश में जुटे हैं।

रोहित के पिता मगन शर्मा पेशे से बढ़ई हैं। घर में उनकी मां गायत्री देवी और छोटा भाई मंजेश हैं। भाई मंजेश ने रोते हुए बताया कि घर की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण रोहित ने पिछले कुछ समय से फिल्मों का काम छोड़ दिया था और पूरा ध्यान पढ़ाई पर लगा रहे थे। काफी दिनों के इंतजार के बाद उन्हें दोबारा डायरेक्शन का एक प्रोजेक्ट मिला था। काम मिलने की खुशी में वह पहले ही दिन शूटिंग पर गए थे, लेकिन किसी को नहीं पता था कि यह उनका आखिरी सफर साबित होगा। जवान बेटे की मौत की खबर सुनते ही मां गायत्री देवी बेहोश हो गईं और पूरे घर में मातम पसरा हुआ है।

परिजनों ने की सीसीटीवी जांच की मांग

इस पूरी घटना के बाद पीड़ित परिवार ने इंसाफ की गुहार लगाई है। भाई मंजेश का कहना है कि पुलिस को मुंशी पुलिया और घटना के रूट पर लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी चाहिए, ताकि उस कातिल ट्रक और उसके ड्राइवर की पहचान हो सके। परिजनों ने मांग की है कि फरार ड्राइवर को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाए। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और ट्रक की तलाश के लिए टीमें लगा दी गई हैं।

विज्ञापन

विज्ञापन

सम्बंधित खबर

अपना शहर

और देखें

विज्ञापन

Follow Us:

Download App

Play Store

Subscribe Now

Play StoreR Express Bharat
Develop & Design by SpriteEra IT Solutions

Copyright © RexpressBharat, 2026