मोहनलालगंज में बड़ा हादसा: मुख्य चौराहे पर फूटे दो ट्रांसफार्मर, धू-धूकर जले, पूरे इलाके की बत्ती गुल
11:41 AM, Aug 12, 2026
R Express भारत
Share:
मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह-सुबह तहसील के मेन गेट के पास रखे दो बड़े बिजली ट्रांसफार्मरों में अचानक भयानक आग लग गई।

मुख्य चौराहे पर फूटे दो ट्रांसफार्मर फोटो सौ0 RExpress भारत
लखनऊ।मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह-सुबह तहसील के मेन गेट के पास रखे दो बड़े बिजली ट्रांसफार्मरों में अचानक भयानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि दोनों ट्रांसफार्मर पूरी तरह जलकर खाक हो गए। आसमान में उठती आग की ऊंची लपटों और काले धुएं के गुबार को देखकर आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में भगदड़ मच गई। इस अचानक हुए हादसे से प्रयागराज-रायबरेली हाईवे पर चल रहे गाड़ियों के पहिए भी कुछ देर के लिए थम गए और लोग सहम गए।
बिजली कटने से मचा हाहाकार
जैसे ही ट्रांसफार्मरों में आग भड़कने की खबर बिजली घर के लड़कों को मिली, उन्होंने बिना देरी किए पूरे मोहनलालगंज कस्बे की लाइट काट दी। लाइनमैनों की इस मुस्तैदी की वजह से एक बहुत बड़ा हादसा होने से बच गया, नहीं तो आग आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी। हालांकि, लाइट बंद होने के बावजूद ट्रांसफार्मरों के अंदर भरे तेल की वजह से आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में दोनों मलबे में बदल गए।
दफ्तरों और घरों में छाया अंधेरा
इन दोनों मेन ट्रांसफार्मरों के जलने का सीधा असर पूरे इलाके की जिंदगी पर पड़ा है। कस्बे के साथ-साथ पास के डाकघर, बड़े दफ्तरों और रिहायशी कॉलोनियों की बिजली पूरी तरह ठप हो गई है। लाइट न होने की वजह से कंप्यूटर बंद पड़े हैं, जिससे जनता से जुड़े सारे जरूरी काम पूरी तरह रुक गए हैं। उमस भरी गर्मी में बिना पंखे और पानी के लोग बेहाल हो रहे हैं।
फायर ब्रिगेड की लापरवाही पर भड़के लोग
मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भारी गुस्सा है कि आग लगने के तुरंत बाद ही फायर ब्रिगेड को फोन घुमाया गया था। इसके बावजूद, दमकल की गाड़ी घंटो तक मौके पर नहीं पहुंची। अगर गाड़ी समय पर आ जाती, तो शायद नुकसान को कम किया जा सकता था।
आग किस वजह से लगी—शॉर्ट सर्किट था या ओवरलोडिंग—यह अभी तक साफ नहीं हो पाया है। इस पूरे मामले पर जब बिजली विभाग के बड़े बाबू (एई) को उनके मोबाइल पर फोन मिलाया गया, तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। अधिकारी इस मामले पर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं, जिससे जनता में नाराजगी और बढ़ गई है।

