होमवीडियो
ब्रेकिंग
sliderimg
sliderimg

एक्सिस बैंक अधिकारियों पर बड़ा आरोप: फर्जी हस्ताक्षर से हड़पने की कोशिश, FIR दर्ज

11:47 AM, Nov 25, 2026

मुस्कान​ सिंह
R Express भारत

Share:

जानकीपुरम इलाके की रहने वाली एक युवती ने एक्सिस बैंक के अधिकारियों पर अपने मृत भाई की फर्म के नाम पर साढ़े तीन करोड़ रुपये का फर्जी लोन दिखाने और परिवार के

एक्सिस बैंक अधिकारियों पर बड़ा आरोप: फर्जी हस्ताक्षर से हड़पने की कोशिश, FIR दर्ज

photo by - ( AI )

लखनऊ में बैंकिंग व्यवस्था और आम नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा पर सवाल खड़ा करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। जानकीपुरम इलाके की रहने वाली एक युवती ने एक्सिस बैंक के अधिकारियों पर अपने मृत भाई की फर्म के नाम पर साढ़े तीन करोड़ रुपये का फर्जी लोन दिखाने और परिवार के सदस्यों के नकली हस्ताक्षर बनाकर संयुक्त संपत्ति गिरवी रखने का आरोप लगाया है। पुलिस स्तर पर सुनवाई न होने के बाद, पीड़िता ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। अब कोर्ट के आदेश पर मड़ियांव थाने में बैंक की जानकीपुरम शाखा के मैनेजर और हजरतगंज स्थित लोन सेंटर के प्रमुख के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

सिंगापुर एयरपोर्ट पर हुई थी भाई की मौत, इसके बाद शुरू हुआ खेल

जानकीपुरम के सेक्टर-एफ की निवासी संस्कृति गुप्ता ने अपनी शिकायत में बताया कि उनके भाई प्रियन गुप्ता 'मेसर्स शारदा एग्रो एजेंसी' के मालिक थे, जो कीटनाशक और खाद का कारोबार करती थी। 11 जून 2025 को सिंगापुर के चांगी एयरपोर्ट पर अचानक दिल का दौरा पड़ने से प्रियन की मृत्यु हो गई। भाई की मौत के गम से परिवार उबर भी नहीं पाया था कि उसी महीने एक व्यक्ति उनके घर पहुंचा। खुद को एक्सिस बैंक की जानकीपुरम शाखा का कर्मचारी बताते हुए उसने दावा किया कि प्रियन की फर्म पर बैंक का 3.5 करोड़ रुपये का लोन बकाया है।

मानसिक रूप से बीमार मां और चाचाओं को बना दिया गारंटर

बैंक कर्मचारी की बातें सुनकर परिवार के होश उड़ गए। कर्मचारी ने कहा कि इस लोन में संस्कृति, उनकी बहन प्रिया गुप्ता, मां लक्ष्मी गुप्ता और तीन चाचा—संजीव, राकेश और संतोष कुमार गुप्ता—गारंटर हैं, और लोन के बदले सभी की संयुक्त संपत्ति गिरवी रखी गई है। संस्कृति का कहना है कि परिवार के किसी भी सदस्य ने न तो कभी किसी लोन की गारंटी ली और न ही किसी कागज पर हस्ताक्षर किए। चौंकाने वाली बात यह है कि पीड़िता की मां लक्ष्मी गुप्ता साल 2015 से मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं और उनका लगातार इलाज चल रहा है। ऐसे में उनका किसी दस्तावेज पर हस्ताक्षर करना या गारंटर बनना पूरी तरह असंभव है।

सादे कागज पर साइन कराने का दबाव और संपत्ति नीलाम करने की धमकी

पीड़िता का आरोप है कि जब परिवार ने बैंक जाकर इस पर आपत्ति जताई, तो अधिकारियों ने उनकी एक न सुनी। उल्टा, उन्हें चुपचाप पैसे जमा करने या पूरी संपत्ति सस्ते दामों में नीलाम कर देने की धमकी दी गई। बैंक की ओर से डिमांड नोटिस भेजे जाने के बाद जब परिवार ने लोन से जुड़े दस्तावेज मांगे, तो उन्हें शाखा में बुलाया गया। आरोप है कि वहां मौजूद बैंक कर्मी अक्षय अस्थाना ने दस्तावेज दिखाने के बजाय संस्कृति की बहन प्रिया पर पहले से तैयार कागजों और सादे पन्नों पर हस्ताक्षर करने का दबाव बनाया। मना करने पर उनका पैन कार्ड जबरदस्ती स्कैन कर लिया गया और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए कहा गया कि उनके जानकार इस संपत्ति को सस्ते में खरीद लेंगे, जिससे बैंक का पैसा भी वसूल हो जाएगा और उन्हें भी मुनाफा होगा।

पोर्टल से मिले कागजों ने खोली पोल, पुलिस ने टाला तो कोर्ट ने लिया संज्ञान

लगातार टालमटोल के बाद पीड़िता ने जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत की, जिसके बाद बैंक ने लोन का स्वीकृति पत्र और कुछ अन्य कागजात उपलब्ध कराए। इन दस्तावेजों को देखने पर साफ हो गया कि उन पर परिवार के किसी भी सदस्य के असली हस्ताक्षर नहीं थे, बल्कि कूटरचना कर फर्जी साइन बनाए गए थे।

संस्कृति गुप्ता ने जुलाई 2026 में जानकीपुरम थाने और लखनऊ के पुलिस कमिश्नर को डाक के माध्यम से शिकायत भेजी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अंततः न्याय की उम्मीद में उन्होंने लखनऊ के अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में गुहार लगाई। अदालत के निर्देश पर 24 नवंबर 2026 को मड़ियांव पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 338, 336(3) और 340(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक कप्तान सिंह को सौंपी गई है।

विज्ञापन

विज्ञापन

सम्बंधित खबर

अपना शहर

और देखें

विज्ञापन

Follow Us:

Download App

Play Store

Subscribe Now

Play StoreR Express Bharat
Develop & Design by SpriteEra IT Solutions

Copyright © RexpressBharat, 2026