लखनऊ में बुजुर्ग दंपत्ति से बड़ी ठगी: दर्द की दवा देने के बहाने उतरवा लिए लाखों के जेवर
5:10 PM, Aug 9, 2026
R Express भारत
Share:
लखनऊ के तेलीबाग इलाके से जालसाजी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर किसी का भी दिल दहल जाए।

sketch by- google
लखनऊ के तेलीबाग इलाके से जालसाजी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर किसी का भी दिल दहल जाए। रजनी खंड में रहने वाले एक बुजुर्ग पति-पत्नी शातिर टप्पेबाजों (ठगों) का शिकार हो गए। ठगों ने बुजुर्ग दंपत्ति की बढ़ती उम्र और शारीरिक कमजोरी का फायदा उठाया। वे उनके गले से सोने का मंगलसूत्र और हाथ की अंगूठी उतरवाकर रफूचक्कर हो गए। जब तक बुजुर्गों को ठगी का अहसास हुआ, तब तक पानी सिर से ऊपर जा चुका था।
मिली जानकारी के मुताबिक, रजनी खंड के रहने वाले 75 वर्षीय राम किशुन पाल शुक्रवार सुबह करीब साढ़े दस बजे अपनी 70 साल की पत्नी राजकुमारी पाल के साथ घर से निकले थे। दोनों पास ही की एक दुकान से घर का राशन लेने जा रहे थे। वे दुकान के करीब पहुंचने ही वाले थे कि रास्ते में दो अनजान युवकों ने उन्हें रोक लिया। दोनों युवक देखने में बेहद शरीफ और मददगार लग रहे थे, इसलिए बुजुर्ग दंपत्ति उनकी बातों में आ गए।
बीमारी का हमदर्द बनकर बुना जाल
उन युवकों ने राम किशुन और उनकी पत्नी से बड़े ही अपनेपन से बात करना शुरू किया। बातों-बातों में उन्होंने पूछा, "माताजी-बाबूजी, क्या आपकी उम्र की वजह से आपके हाथ-पैरों और जोड़ों में बहुत दर्द रहता है?" उम्र के इस पड़ाव पर अक्सर बुजुर्ग इस समस्या से जूझते हैं, इसलिए उन्होंने तुरंत हां कह दिया। बस, इसी 'हां' का फायदा उठाकर ठगों ने अपना असली खेल शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि उनके पास एक ऐसी चमत्कारी दवा है जिससे यह दर्द हमेशा के लिए गायब हो जाएगा।
जेवर उतारो, तभी करेगी दवा असर
ठगों ने बुजुर्ग महिला को झांसे में लेते हुए कहा कि वे उन्हें दवा तो मुफ्त में दे देंगे, लेकिन उसकी एक सख्त शर्त है। उन्होंने कहा कि यह दवा तभी काम करेगी जब शरीर पर कोई धातु या जेवर न हो। झांसे में आकर बुजुर्ग महिला ने अपनी सोने की अंगूठी और गले का मंगलसूत्र उतारकर उन युवकों को दे दिया। युवकों ने बड़े ही शातिर तरीके से उन जेवरों को एक कागज में लपेटा और पुड़िया बनाकर राम किशुन के हाथ में थमा दी। साथ ही हिदायत दी कि इस पुड़िया को सिर्फ घर के अंदर जाकर ही खोलना, नहीं तो दवा का असर खत्म हो जाएगा।
घर आकर खोला तो उड़ गए होश
बुजुर्ग दंपत्ति सीधे अपने घर पहुंचे और जैसे ही उन्होंने उत्सुकता से उस पुड़िया को खोला, उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। पुड़िया के अंदर उनके कीमती सोने के जेवर गायब थे और उनकी जगह तीन छोटे-छोटे कंकड़ रखे हुए थे। यह देखते ही दोनों बुजुर्ग सन्न रह गए। इसके बाद रोते-बिलखते माता-पिता को लेकर उनकी बेटी अंकिता पाल तुरंत पीजीआई थाने पहुंची और मामले की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस खंगाल रही है सीसीटीवी
इस पूरी वारदात को लेकर पीजीआई थाने के इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने बताया कि, पीड़ित परिवार की तरफ से शिकायत मिलने के बाद तुरंत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की एक टीम को रजनी खंड और तेलीबाग के मुख्य रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक करने के काम में लगाया गया है। पुलिस का दावा है कि, हुलिए के आधार पर जल्द ही इन शातिर टप्पेबाजों को दबोच लिया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि सड़कों पर अजनबियों पर आंख मूंदकर भरोसा करना कितना भारी पड़ सकता है।

