होमवीडियो
ब्रेकिंग
sliderimg

लखनऊ के इको गार्डन में युवाओं का बड़ा जमावड़ा, भर्ती परीक्षाओं और पेपर लीक को लेकर आर-पार की लड़ाई

1:17 PM, Jun 12, 2026

मुस्कान​ सिंह
R Express भारत

Share:

लखनऊ के इको गार्डन शुक्रवार सुबह से ही नारों और युवाओं की भारी भीड़ से गूंज उठा है। राज्य के कोने-कोने से आए हजारों छात्र और नौजवान अपनी मांगों को लेकर सड़

लखनऊ के इको गार्डन में युवाओं का बड़ा जमावड़ा, भर्ती परीक्षाओं और पेपर लीक को लेकर आर-पार की लड़ाई

भर्ती परीक्षाओं और पेपर लीक को लेकर आर-पार की लड़ाई सौ0 RExpress भारत

लखनऊ के इको गार्डन शुक्रवार सुबह से ही नारों और युवाओं की भारी भीड़ से गूंज उठा है। राज्य के कोने-कोने से आए हजारों छात्र और नौजवान अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतर आए हैं। नीट परीक्षा में हुई धांधली, लगातार होते पेपर लीक और बढ़ती बेरोजगारी के खिलाफ युवाओं का गुस्सा अब खुलकर सामने आ गया है। इस विरोध प्रदर्शन के चलते पूरे इलाके में भारी हलचल है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

इस आंदोलन की गूंज सोशल मीडिया पर पिछले कई दिनों से सुनाई दे रही थी। यही वजह रही कि प्रयागराज, वाराणसी, आगरा, कानपुर और मेरठ जैसे कई जिलों से छात्र गुरुवार रात को ही ट्रेनों और बसों के जरिए लखनऊ पहुंचने लगे थे। सुबह होते-होते इको गार्डन के भीतर और बाहर पैर रखने तक की जगह नहीं बची। प्रदर्शन में शामिल छात्रों का कहना है कि वे सालों तक तैयारी करते हैं, लेकिन ऐन वक्त पर पेपर लीक हो जाता है या परीक्षा में धांधली की खबरें आ जाती हैं। इससे उनका भविष्य पूरी तरह अधर में लटक गया है।

भारी संख्या में छात्र मौजूद सौ0 RExpress भारत  

भारी संख्या में छात्र मौजूद सौ0 RExpress भारत  

किसने बुलाई यह महापंचायत?

इस बड़े प्रदर्शन का आयोजन मुख्य रूप से 'कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) और 'भगत सिंह यूथ पैंथर' जैसे युवा संगठनों की तरफ से किया गया है। इसके अलावा कई छात्र संघों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले शिक्षकों ने भी इस मुहिम को अपना समर्थन दिया है। आंदोलन की कमान संभाल रहे कॉकरोच जनता पार्टी के मुखिया अभिजीत दीपके सुबह करीब 4:00 बजे ही लखनऊ हवाई अड्डे पर पहुंच गए थे। दिल्ली के जंतर-मंतर और पुणे में विरोध प्रदर्शन करने के बाद अब वे उत्तर प्रदेश के युवाओं की आवाज बुलंद करने लखनऊ आए हैं।

क्या हैं युवाओं की मुख्य मांगें?

प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर साफ रुख अपनाया है। युवाओं का सबसे बड़ा गुस्सा नीट परीक्षा में सामने आई गड़बड़ियों को लेकर है। उनकी सबसे पहली मांग है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से इस्तीफा दें। इसके साथ ही छात्र मांग कर रहे हैं कि भविष्य में होने वाली सभी परीक्षाओं को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए। पेपर लीक करने वाले गिरोहों के खिलाफ एक ऐसा सख्त कानून बने जिससे किसी का भविष्य खराब न हो। युवाओं का कहना है कि भर्ती प्रक्रियाओं में होने वाली देरी को भी तुरंत खत्म किया जाना चाहिए।

हजारों की तादाद में युवाओं के जुटने की खबर मिलते ही स्थानीय प्रशासन पूरी तरह चौकन्ना हो गया। इको गार्डन और उसके आसपास के रास्तों पर सुरक्षा का पहरा कड़ा कर दिया गया है। स्थानीय पुलिस बल के साथ-साथ किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए रैपिड एक्शन फोर्स और प्रांतीय आर्म्ड कांस्टेबुलरी की टुकड़ियों को मैदान में उतार दिया गया है। जगह-जगह लोहे के बैरिकेड्स लगाकर छात्रों को एक निश्चित दायरे में रखने की कोशिश की जा रही है।

परमिशन को लेकर बना रहा सस्पेंस

प्रदर्शन की लिखित अनुमति को लेकर सुबह से ही थोड़ी खींचतान देखने को मिली। आयोजकों का कहना था कि पुलिस की तरफ से पहले उन्हें खुलकर प्रदर्शन करने की हरी झंडी नहीं मिल रही थी। हालांकि, छात्र नेताओं ने साफ कर दिया कि वे यहां किसी भी तरह का उपद्रव करने नहीं आए हैं। उनका मकसद पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात को रखना है। बाद में स्थिति को देखते हुए आपसी तालमेल बिठाया गया।

अधिकारियों ने लिया स्थिति का जायजा

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग के बड़े अफसर खुद मौके पर पहुंचे। ज्वाइंट कमिश्नर बबलू कुमार ने भारी पुलिस बल के साथ इको गार्डन का दौरा किया और वहां मौजूद छात्र नेताओं से बातचीत की। उन्होंने साफ किया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और शांति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि जो भी लोग नियमों के दायरे में रहकर अपनी बात शांति से कहना चाहते हैं, उन्हें तय समय के अनुसार प्रदर्शन करने की पूरी छूट है। प्रशासन की कोशिश है कि छात्रों को अपनी बात रखने का मौका भी मिले और शहर की कानून-व्यवस्था पर भी कोई आंच न आए।

विज्ञापन

विज्ञापन

सम्बंधित खबर

अपना शहर

और देखें

विज्ञापन

Follow Us:

Download App

Play Store

Subscribe Now

Play StoreR Express Bharat
Develop & Design by SpriteEra IT Solutions

Copyright © RexpressBharat, 2026