जानकीपुरम में बड़ी वारदात: बंद मकान का लॉक खोलकर ₹40 हजार पार
6:29 PM, Nov 7, 2026
R Express भारत
Share:
लखनऊ में त्योहारों के सीजन में चोरों की सक्रियता एक बार फिर सामने आई है। इस बार निशाना बना है जानकीपुरम सेक्टर-एच का एक बंद मकान, जहां से चोरों ने बड़ी ही

photo by - ( AI )
लखनऊ में त्योहारों के सीजन में चोरों की सक्रियता एक बार फिर सामने आई है। इस बार निशाना बना है जानकीपुरम सेक्टर-एच का एक बंद मकान, जहां से चोरों ने बड़ी ही सफाई से ₹40 हजार की नगदी पर हाथ साफ कर दिया। पूरी वारदात को इतनी चालाकी से अंजाम दिया गया कि घर के मुख्य दरवाजे का इंटरलॉक बिना तोड़े ही खोल लिया गया।
त्योहार की खुशी में लगा सेंध
मूल रूप से उन्नाव के रहने वाले ज्ञानेंद्र सिंह सेना से रिटायर हो चुके हैं। वह वर्तमान में लखनऊ के जानकीपुरम सेक्टर-एच में एक मकान की दूसरी मंजिल पर किराए का कमरा लेकर अपने परिवार के साथ रहते हैं। दीपावली का त्योहार मनाने के लिए ज्ञानेंद्र सिंह शनिवार की सुबह करीब 6:30 बजे अपनी पत्नी पूजा और तीनों बच्चों के साथ पैतृक गांव के लिए रवाना हुए थे। उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि उनके निकलते ही कोई उनके घर पर नजर गड़ाए बैठा था।
सहेली की सूझबूझ से खुला राज
परिवार के जाने के कुछ ही घंटों बाद सुबह करीब 10:00 बजे ज्ञानेंद्र की बड़ी बेटी कृतिका की एक सहेली किसी काम से उनके घर पहुंची। उसने बाहर से कई बार कृतिका को आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया। जब वह वापस लौटने लगी, तो उसे बंद घर के भीतर से कुछ अजीब आवाजें सुनाई दीं। शक होने पर उसने तुरंत कृतिका को फोन मिलाया। बातचीत में जब कृतिका ने बताया कि पूरा परिवार सुबह ही गांव आ चुका है, तो सहेली के होश उड़ गए। उसने तुरंत बताया कि घर के अंदर कोई मौजूद है और हलचल हो रही है।
मौके से फरार हुए शातिर
बेटी से यह बात सुनते ही ज्ञानेंद्र सिंह ने तुरंत लखनऊ में रहने वाले अपने एक परिचित राज को मामले की पड़ताल के लिए घर भेजा। इसके साथ ही तुरंत आपातकालीन नंबर पर इसकी जानकारी दी गई। जब तक राज और अन्य लोग मौके पर पहुंचे, तब तक चोर अपना काम खत्म करके वहां से रफूचक्कर हो चुके थे। जब अंदर जाकर देखा गया तो अलमारी का लॉकर खुला हुआ था और उसमें रखे ₹40,000 गायब थे।
सीसीटीवी के भरोसे सुराग की तलाश
हैरानी की बात यह रही कि चोरों ने घर में घुसने के लिए किसी कुंडी या ताले को नहीं तोड़ा, बल्कि मुख्य दरवाजे के इंटरलॉक को ही किसी मास्टर-की या तकनीक से खोल लिया। इस मामले में स्थानीय पुलिस टीम को अलर्ट कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि घर के आसपास और आने-जाने वाले रास्तों पर लगे कैमरों की फुटेज निकाली जा रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। त्योहार के समय हुई इस चोरी से इलाके के लोग भी अपने घरों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।


