मलिहाबाद में बड़ी अनहोनी: चार दिन में एक ही घर के तीन बच्चों ने तोड़ा दम
4:55 PM, Nov 12, 2026
R Express भारत
Share:
लखनऊ के मलिहाबाद इलाके में स्थित खण्डसरा गांव से एक बेहद दुखद और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां रहने वाले एक किसान परिवार पर बीते चार दिनों में

मौके पर पुलिस मौजूद फोटो सौ0 RExpress भारत
उत्तर प्रदेश। लखनऊ के मलिहाबाद इलाके में स्थित खण्डसरा गांव से एक बेहद दुखद और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां रहने वाले एक किसान परिवार पर बीते चार दिनों में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर के तीनों बच्चों की एक के बाद एक अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई है। एक ही आंगन से चार दिनों में तीन बच्चों की अर्थियां उठने से न केवल परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, बल्कि पूरे गांव में शोक और डर का माहौल बन गया है।
जानकारी के मुताबिक, खण्डसरा गांव के निवासी आशीष पेशे से खेती-किसानी करते हैं। उनके परिवार में उनकी माता, नाना, पत्नी अंजली और तीन बच्चे—बेटी लक्ष्मी , बेटा कार्तिक और सबसे छोटा बेटा दिव्यांश साथ रहते थे। हंसते-खेलते इस परिवार की खुशियों को 9 नवंबर को अचानक किसी की नजर लग गई।
पिता आशीष ने बताया कि सबसे पहले 9 नवंबर को तीन साल के मासूम दिव्यांश की तबीयत खराब हुई। उसे हल्का बुखार महसूस हुआ और वह घर में खेलते-खेलते अचानक जमीन पर गिर पड़ा। परिजन घबराकर उसे नजदीकी अस्पताल लेकर भागे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार अभी छोटे बेटे के जाने के गम से उबर भी नहीं पाया था कि अगले ही दिन यानी 10 नवंबर को सात साल के कार्तिक के साथ भी ठीक वैसा ही हुआ। हल्के बुखार के बाद उसकी भी अचानक सांसें थम गईं।
लगातार दो बेटों को खोने के बाद परिवार ने इसे कुदरत का कहर मानकर दोनों बच्चों का अंतिम संस्कार कर दिया था। लेकिन बृहस्पतिवार को परिवार की आखिरी उम्मीद, 10 साल की सबसे बड़ी बेटी लक्ष्मी की भी अचानक तबीयत बिगड़ गई। कुछ ही देर में उसने भी दम तोड़ दिया।
एक ही घर में चार दिन के भीतर तीनों बच्चों की एक जैसे लक्षणों के साथ हुई मौत से गांव वाले स्तब्ध हैं। स्थानीय लोगों की सूचना पर इलाके के जिम्मेदार लोग और स्वास्थ्य टीम मौके पर पहुंची है। हालांकि परिवार की ओर से किसी भी व्यक्ति पर कोई संदेह या आरोप नहीं जताया गया है, लेकिन बीमारी की असली वजह जानने के लिए स्वास्थ्य विशेषज्ञों द्वारा जरूरी चिकित्सकीय जांच कराई जा रही है।


