लखनऊ में बाइक चोरी का खुलासा: पुलिस ने दो नाबालिगों को पकड़ा, सब्जी मंडी से चुराई थी स्प्लेंडर
5:28 PM, Aug 16, 2026
R Express भारत
Share:
लखनऊ के सैरपुर इलाके से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहाँ पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के आरोप में दो नाबालिग लड़कों को अपने संरक्षण में लिया है।

लखनऊ में बाइक चोरी का खुलासा फोटो सौ0 RExpress भारत
लखनऊ के सैरपुर इलाके से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहाँ पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के आरोप में दो नाबालिग लड़कों को अपने संरक्षण में लिया है। पकड़े गए इन लड़कों की उम्र करीब 15 और 16 साल बताई जा रही है। पुलिस ने इनके पास से चोरी की गई हीरो स्प्लेंडर बाइक भी बरामद कर ली है।
सब्जी मंडी के पास से गायब हुई थी बाइक
यह पूरा मामला जुलाई महीने की शुरुआत से जुड़ा हुआ है। कानपुर के रहने वाले जयंत सिंह फिलहाल लखनऊ के छठामील तिवारीपुर इलाके में रह रहे हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 1 जुलाई 2026 की शाम करीब 7:30 बजे उन्होंने अपनी हीरो स्प्लेंडर बाइक को छठामील बाजार की सब्जी मंडी के पास खड़ा किया था, जहाँ से वह अचानक गायब हो गई। पीड़ित की शिकायत पर सैरपुर थाने में चोरी का केस दर्ज कर पुलिस तभी से बाइक और चोरों की तलाश में जुटी थी।
सैरपुर थाने के थाना प्रभारी मनोज कुमार कोरी के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार इस मामले की छानबीन कर रही थी। 15 अगस्त की रात करीब 9:30 बजे पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली। पुलिस टीम ने सबसे पहले एक लड़के को भिठौली क्रॉसिंग के पास से रोका। जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसकी निशानदेही पर पुलिस दूसरे लड़के के घर तक पहुँच गई और उसे भी पकड़ लिया।
चोरी की मोटरसाइकिल बरामद
इन दोनों लड़कों के कब्जे से पुलिस ने जयंत सिंह की वही चोरी हुई स्प्लेंडर बाइक बरामद कर ली है। पुलिस टीम में दरोगा राम देव, घन श्याम गौतम, महिला दरोगा अंजना देवी, सिपाही दिलीप कुमार और महिला सिपाही साधना सिंह चौहान शामिल थे। कानून के मुताबिक नाबालिग होने की वजह से पुलिस इन दोनों बच्चों के खिलाफ जुवेनाइल नियमों के तहत आगे की कार्रवाई कर रही है।

