कॉकपिट में खूनी खेल: भारतीय पायलट ने कुल्हाड़ी के वार सहकर बचाई 172 जानें
4:04 PM, Oct 29, 2026
R Express भारत
Share:
आसमान में उड़ते एक विमान में जब मौत सामने खड़ी थी, तब एक भारतीय पायलट की बहादुरी ने न सिर्फ सैकड़ों लोगों की जान बचाई, बल्कि दुनिया के सामने वीरता की एक नई

sketch by - ( AI )
आसमान में उड़ते एक विमान में जब मौत सामने खड़ी थी, तब एक भारतीय पायलट की बहादुरी ने न सिर्फ सैकड़ों लोगों की जान बचाई, बल्कि दुनिया के सामने वीरता की एक नई मिसाल पेश की। फ्लाईदुबई विमान के भारतीय मुख्य पायलट कैप्टन स्मित मच्छर को उनकी इसी अदम्य बहादुरी के लिए संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने देश के सबसे बड़े नागरिक सम्मानों में से एक 'फर्स्ट क्लास ऑर्डर ऑफ जायद II' से नवाजा है। यह सम्मान दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद ने एक खास समारोह में उन्हें सौंपा।
फ्लाइट के अंदर क्या हुआ था उस खौफनाक दिन?
यह रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना बीती 30 सितंबर की है। फ्लाईदुबई की फ्लाइट संख्या FZ1073 ने दुबई से इजराइल के तेल अवीव शहर के लिए उड़ान भरी थी। विमान हवा में था, तभी अचानक कॉकपिट के अंदर मौजूद ओमान के रहने वाले को-पायलट के सिर पर खून सवार हो गया। उसने विमान को हाईजैक करके इजराइल में किसी जगह क्रैश करने की बेहद खतरनाक साजिश रची थी।
कुल्हाड़ी से हमला और 14 हजार फीट की गोताखोरी
साजिश को अंजाम देने के लिए उस सनकी को-पायलट ने कॉकपिट के अंदर रखी इमरजेंसी कुल्हाड़ी उठाई और कैप्टन स्मित मच्छर के सिर पर ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया। इस अचानक हुए जानलेवा हमले से कैप्टन स्मित बुरी तरह घायल हो गए और उनके सिर से खून बहने लगा। इसी खींचतान के बीच विमान सिर्फ 30 सेकंड के अंदर करीब 14,000 फीट नीचे की तरफ गिर गया, जिससे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

