होमवीडियो
ब्रेकिंग
sliderimg

लखनऊ में आरामशीन पर किराए के विवाद में खूनी खेल, बुजुर्ग गिरफ्तार, बेटा बंदूक लेकर फरार

6:07 PM, Oct 25, 2026

मुस्कान​ सिंह
R Express भारत

Share:

खनऊ के मलिहाबाद इलाके में जमीन और किराए के मामूली विवाद ने बेहद खौफनाक रूप ले लिया। रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित एक आरामशीन पर बातचीत करने पहुंचे बाप-बेटे न

लखनऊ में आरामशीन पर किराए के विवाद में खूनी खेल, बुजुर्ग गिरफ्तार, बेटा बंदूक लेकर फरार

लखनऊ में आरामशीन पर किराए के विवाद में खूनी खेल फोटो सौ0 RExpress भारत

लखनऊ के मलिहाबाद इलाके में जमीन और किराए के मामूली विवाद ने बेहद खौफनाक रूप ले लिया। रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित एक आरामशीन पर बातचीत करने पहुंचे बाप-बेटे ने मामूली बहस के बाद ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस जानलेवा हमले में राजकुमार यादव उर्फ राजू नाम का शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल 68 साल के बुजुर्ग पिता को दबोच लिया है, जबकि गोली चलाने वाला उसका बेटा फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

बाप ने उकसाया, बेटे ने दाग दीं गोलियां

मिली जानकारी के मुताबिक, मलिहाबाद के फरीदीपुर ग्राम स्थित सरावां रेलवे क्रॉसिंग के पास एक आरामशीन है। इस आरामशीन की जमीन की किराएदारी को लेकर राजकुमार यादव और आरोपी पक्ष के बीच लंबे समय से खींचतान चल रही थी। शनिवार को इसी सिलसिले में मो० राफे खां अपने बेटे बिलाल खां के साथ वहां बातचीत करने पहुंचा था। देखते ही देखते दोनों पक्षों में जुबानी जंग शुरू हो गई और बात हाथापाई तक पहुंच गई। आरोप है कि गुस्साए पिता राफे खां ने अपने बेटे को चीखकर कहा कि 'इसे गोली मार दो'। पिता का इशारा मिलते ही बिलाल ने अपनी लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक निकाली और राजकुमार पर फायर झोंक दिया। गोली लगते ही राजकुमार खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा, जिसके बाद हमलावर मौके से भाग निकले।

इलाके में हड़कंप, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। घायल शख्स के करीबियों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पीड़ित परिवार के बिंदकुमार की शिकायत पर पुलिस ने बिलाल खां, उसके पिता राफे खां और 4-5 अन्य अज्ञात मददगारों के खिलाफ जानलेवा हमले और साजिश रचने का केस दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की एक स्पेशल टीम ने रविवार को घेराबंदी की और मुख्य साजिशकर्ता पिता मो० राफे खां को पुराना किला इलाके के बाबू बनारसीदास नगर से गिरफ्तार कर लिया।

भागने में इस्तेमाल हुई सेंट्रो कार और बंदूक बरामद

पकड़े गए बुजुर्ग आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल हुई लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक बरामद कर ली है। इसके साथ ही पुलिस ने मौके से और आरोपियों की सेंट्रो कार की पिछली सीट से 14 जिंदा कारतूस और 2 खाली खोखे भी अपने कब्जे में लिए हैं। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से टूटे हुए शीशे और धातु के टुकड़े सबूत के तौर पर जुटाए हैं। पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों का कहना है कि मुख्य आरोपी बिलाल की तलाश में टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और उसे भी जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

विज्ञापन

विज्ञापन

सम्बंधित खबर

अपना शहर

और देखें

विज्ञापन

Follow Us:

Download App

Play Store

Subscribe Now

Play StoreR Express Bharat
Develop & Design by SpriteEra IT Solutions

Copyright © RexpressBharat, 2026