गोमती नदी में डूबे इम्तियाज का शव चौथे दिन बरामद, परिवार ने दोस्त पर लगाया आरोप
1:40 PM, Nov 26, 2026
R Express भारत
Share:
सोमवार को गोमती नदी में नहाते समय लापता हुए किशोर का शव आखिरकार चौथे दिन यानी बृहस्पतिवार सुबह बरामद कर लिया गया है। किशोर का शव हसनगंज इलाके में नदवा कॉले

इम्तियाज का शव चौथे दिन बरामद फोटो सौ0 RExpress भारत
लखनऊ के पुराने इलाके चौक से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। बीते सोमवार को गोमती नदी में नहाते समय लापता हुए किशोर का शव आखिरकार चौथे दिन यानी बृहस्पतिवार सुबह बरामद कर लिया गया है। किशोर का शव हसनगंज इलाके में नदवा कॉलेज के ठीक सामने नदी के पानी में उतराता हुआ दिखाई दिया। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, मृतक के मामा ने इस पूरी घटना को महज एक हादसा मानने से इनकार करते हुए किशोर के साथ गए उसके दोस्त पर गंभीर संदेह जताया है और उससे सख्ती से पूछताछ करने की मांग की है।
सोमवार सुबह पक्के पुल के पास हुआ था हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, चौक क्षेत्र का रहने वाला किशोर इम्तियाज सोमवार की सुबह अपने एक साथी के साथ पक्के पुल के नीचे गोमती नदी में नहाने के लिए गया था। नहाने के दौरान ही वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। जब वह बाहर नहीं आया, तो परिजनों को इस बात की खबर लगी। इसके बाद से ही परिवार के लोग बेहद परेशान थे और नदी के किनारे उसकी तलाश कर रहे थे।
चार दिनों तक चला लगातार तलाशी अभियान
परिवार वालों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद स्थानीय गोताखोरों और बचाव दल की टीमों ने सोमवार से ही गोमती नदी में इम्तियाज की खोजबीन शुरू कर दी थी। लगातार तीन दिनों तक नदी के अलग-अलग हिस्सों में जाल डालकर और नावों की मदद से तलाश की गई, लेकिन किशोर का कहीं कोई सुराग नहीं लग सका था।
बृहस्पतिवार की सुबह जब कुछ स्थानीय लोगों की नजर हसनगंज क्षेत्र स्थित नदवा कॉलेज के सामने नदी में उतराते हुए एक शव पर पड़ी, तो इलाके में हड़कंप मच गया। तुरंत मौके पर गोताखोरों को बुलाया गया, जिन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद चौक थाने की पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।?
मामा ने की शव की पहचान, दोस्त पर लगाया गंभीर आरोप
सूचना मिलते ही चौक पुलिस ने इम्तियाज के घर वालों को खबर दी। बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे मृतक के मामा सलमान ने शव की पहचान अपने भांजे इम्तियाज के रूप में की। भांजे का शव देखते ही मामा और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
इस मामले में मामा सलमान ने घटना के वक्त इम्तियाज के साथ मौजूद उसके दोस्त की भूमिका पर सवाल खड़े किए हैं। सलमान का कहना है कि इम्तियाज के साथ जो साथी नदी पर गया था, उससे पुलिस को गहराई से पूछताछ करनी चाहिए। मामा को पूरा शक है कि इम्तियाज खुद नहीं डूबा, बल्कि उसके साथी ने ही उसे गहरे पानी में धक्का दिया था, जिसकी वजह से उसकी जान चली गई। परिवार की इस मांग के बाद पुलिस अब हर पहलू से मामले की जांच करने में जुट गई है।
परिवार का इकलौता सहारा था इम्तियाज
इम्तियाज की मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने घर में दो बहनों के बीच इकलौता भाई था। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही काफी कमजोर है। करीब छह साल पहले लंबी बीमारी के चलते इम्तियाज के पिता का साया सिर से उठ चुका था। पिता के जाने के बाद से घर चलाने की जिम्मेदारी उसकी मां रेशमा और खुद इम्तियाज के कंधों पर आ गई थी।
मां रेशमा परिवार का पेट पालने के लिए दूसरों के घरों में जाकर चौका-बर्तन और घरेलू काम करती हैं। वहीं, कम उम्र में ही घर की जिम्मेदारियों को समझते हुए इम्तियाज भी अपने मामा सलमान के साथ मिलकर कपड़ों की फेरी लगाने का काम करता था, ताकि घर के खर्च में कुछ मदद हो सके। इकलौते बेटे और भाई के इस तरह चले जाने से मां रेशमा और दोनों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने भी इस दुखद घटना पर गहरा शोक जताया है और परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।


