सराफा कारोबारी ने लड़की की AI से बनाईं गंदी तस्वीरें, जासूस लगाकर करवा रहा था पीछा, केस दर्ज
5:34 PM, Jul 25, 2026
R Express भारत
Share:
गुडंबा इलाके में रहने वाले एक नामी सोने-चांदी के व्यापारी पर आरोप लगा है कि उसने एक युवती की फर्जी आपत्तिजनक तस्वीरें बनाईं और फिर शुरू हुआ ब्लैकमेलिंग का

दुकान की फोटो सौ0 RExpress भारत
लखनऊ। गुडंबा इलाके में रहने वाले एक नामी सोने-चांदी के व्यापारी पर आरोप लगा है कि उसने एक युवती की फर्जी आपत्तिजनक तस्वीरें बनाईं और फिर शुरू हुआ ब्लैकमेलिंग का वो गंदा खेल, जिसने पीड़िता का जीना मुहाल कर दिया।
शारीरिक संबंध बनाने का दबाव, छोटी बहन पर तेजाब फेंकने की धमकी और पूरे परिवार को खत्म करने की साजिश—इस कहानी में वो सब कुछ है जो किसी के भी रोंगटे खड़े कर दे। जब पानी सिर से ऊपर चला गया, तो पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और पुलिस का दरवाजा खटखटाया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी सराफा कारोबारी विवेक कंचन और उसके पिता बरातीलाल कंचन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
मिलन टॉवर के नामी शोरूम की आड़ में चल रहा था गंदा खेल
यह पूरा मामला लखनऊ के गुडंबा थाना क्षेत्र के तहत आने वाले कुर्सी रोड इलाके का है। यहाँ गायत्री नगर में रहने वाले विवेक कंचन का इलाके के मशहूर 'मिलन टॉवर' में 'वीके ज्वैलर्स' नाम से एक बड़ा शोरूम है। विवेक इस दुकान को अपने पिता बरातीलाल कंचन के साथ मिलकर चलाता है। इलाके में इनका अच्छा-खासा नाम और रसूख है। लेकिन इस चमक-धमक वाले शोरूम के पीछे जो कहानी छिपी थी, उसने अब इनके पूरे परिवार को कटघरे में खड़ा कर दिया है।
इलाके की ही रहने वाली एक 30 वर्षीय युवती ने विवेक कंचन के खिलाफ बेहद सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि विवेक कंचन पिछले कई सालों से उसके पीछे पड़ा हुआ था। वह जहाँ भी जाती, विवेक उसका पीछा करता और उस पर गंदी नजर रखता था। लड़की ने कई बार उसे इग्नोर करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी की हिम्मत लगातार बढ़ती ही जा रही थी।
पर्स चोरी करने की साजिश और राजस्थान का वो खौफनाक सफर
पीड़िता ने अपनी शिकायत में जो आपबीती बताई है, वह किसी फिल्मी स्क्रिप्ट जैसी लगती है लेकिन बेहद खौफनाक है। लड़की का आरोप है कि विवेक ने पहले एक सोची-समझी साजिश के तहत उसका पर्स चोरी करवा लिया। उस पर्स में लड़की का आधार कार्ड, बैंक की पासबुक, डेबिट कार्ड, एटीएम कार्ड और कई बेहद जरूरी निजी कागजात थे। जब लड़की को पता चला कि उसका पर्स विवेक के पास है, तो उसने अपने दस्तावेज वापस मांगे।
आरोपी विवेक ने यहाँ एक चाल चली। उसने कागजात लौटाने के बहाने लड़की को अपने साथ राजस्थान चलने के लिए मजबूर किया। लड़की अपने जरूरी दस्तावेज वापस पाने की उम्मीद में उसके साथ चली गई। लेकिन राजस्थान पहुँचते ही विवेक ने अपना असली रंग दिखा दिया। उसने लड़की को बंधक जैसी स्थिति में रखकर उन दस्तावेजों के बदले जबरन शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला। लड़की इस दबाव के आगे नहीं झुकी और उसने पूरी ताकत से उसका विरोध किया। जब आरोपी को लगा कि लड़की उसकी बात नहीं मानने वाली, तो वह उसे वापस लखनऊ छोड़कर भाग गया, लेकिन दस्तावेज अपने पास ही रख लिए।
राजस्थान से लौटने के बाद आरोपी विवेक कंचन के सिर पर खून सवार हो गया। उसने लड़की को झुकाने के लिए आधुनिक तकनीक 'आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस' का सहारा लिया। उसने इंटरनेट और एआई टूल्स की मदद से लड़की के चेहरे का इस्तेमाल करके बेहद आपत्तिजनक, अश्लील और गंदी तस्वीरें तैयार कर लीं। इसके बाद विवेक ने वे तस्वीरें लड़की को दिखाईं और धमकी दी कि अगर उसने उसकी बात नहीं मानी, तो वह इन तस्वीरों को इंटरनेट, सोशल मीडिया और उसके रिश्तेदारों में वायरल कर देगा।
इन फर्जी तस्वीरों के दम पर वह लगातार लड़की को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा और बार-बार मिलने व शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर करने लगा। लड़की हर दिन घुट-घुट कर जी रही थी, लेकिन उसने आरोपी के सामने घुटने नहीं टेके।
पल-पल की खबर रखने के लिए लगा रखा था पर्सनल जासूस
इस मामले में एक और हैरान करने वाली बात सामने आई है। आरोपी विवेक सिर्फ धमकियां ही नहीं दे रहा था, बल्कि वह लड़की को पूरी तरह अपने कंट्रोल में करना चाहता था। इसके लिए उसने लड़की के पीछे एक निजी जासूस लगा रखा था। वह आदमी दिन-भर लड़की का पीछा करता था। लड़की कब घर से बाहर निकल रही है, किससे मिल रही है, कहाँ जा रही है और कब वापस आ रही है—इस बात की पल-पल की लोकेशन और जानकारी वह सीधे विवेक कंचन को फोन पर देता था। इस वजह से लड़की अपने ही घर में कैद होकर रह गई थी।
बहन पर फेंक दूँगा तेजाब, पूरे परिवार को कर दूँगा खत्म
जब लड़की ने विवेक की हरकतों का खुलकर विरोध करना शुरू किया और उसकी धमकियों में नहीं आई, तो आरोपी मर्यादा की सारी हदें पार कर गया। वह कई बार अपने पिता के साथ लड़की के घर के बाहर पहुँच गया और सरेआम गाली-गलौज व बदतमीजी की।पीड़िता का आरोप है कि विवेक ने उसे डराने के लिए कहा कि अगर उसने पुलिस में जाने की सोची भी, तो वह उसकी छोटी बहन के चेहरे पर तेजाबफेंक देगा ताकि उसका चेहरा हमेशा के लिए खराब हो जाए। इतना ही नहीं, उसने लड़की के बूढ़े माता-पिता और पूरे परिवार को जान से मारने और उन्हें रास्ते से हटाने की खुली धमकी दे डाली।
शिकायत करने पहुँची तो पिता ने भी दी धमकी
जब प्रताड़ना असहनीय हो गई और पूरे परिवार की जान पर बन आई, तो पीड़िता ने इस जुल्म के खिलाफ आवाज उठाने का फैसला किया। जब आरोपी विवेक के पिता बरातीलाल कंचन को पता चला कि लड़की पुलिस में शिकायत करने की तैयारी कर रही है, तो उसने भी अपने बेटे का साथ दिया। बरातीलाल ने लड़की और उसके परिवार को फोन पर और सामने आकर भद्दी-भद्दी गालियां दीं और कहा कि अगर पुलिस के पास गए तो अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहना। उनका सोचना था कि अपने पैसे और रसूख के दम पर वे लड़की को डरा देंगे।
लेकिन पीड़िता डरी नहीं और वह सीधे गुडंबा थाने पहुँची। मामले की संवेदनशीलता और एआई के इस्तेमाल को देखते हुए पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए गुडंबा के इंस्पेक्टर अंजनी कुमार मिश्रा ने बताया कि पीड़िता की लिखित शिकायत के आधार पर मुख्य आरोपी सराफा कारोबारी विवेक कंचन और उसके पिता बरातीलाल कंचन के खिलाफ यौन उत्पीड़न , पीछा करने, जान से मारने की धमकी देने और अन्य कई गंभीर धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, डिजिटल सबूतों और एआई से बनाई गई तस्वीरों की जांच के लिए एक्सपर्ट्स की मदद ली जा रही है। पुलिस टीम ने आरोपियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है और बहुत जल्द इस मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई देखने को मिलेगी।

