लखनऊ में मवेशियों की नीलामी पर नगर निगम दफ्तर पर डटे पशुपालक और सपा नेता, पुलिस तैनात
5:51 PM, Aug 24, 2026
R Express भारत
Share:
लखनऊ में सोमवार को पशुपालकों और नगर निगम प्रशासन के बीच जबरदस्त टकराव देखने को मिला। पारा इलाके से पकड़ी गई भैंसों को बेचने के सरकारी फैसले के खिलाफ गुस्सा

मवेशियों की नीलामी पर भारी बवाल फोटो सौ0 RExpress भारत
लखनऊ में सोमवार को पशुपालकों और नगर निगम प्रशासन के बीच जबरदस्त टकराव देखने को मिला। पारा इलाके से पकड़ी गई भैंसों को बेचने के सरकारी फैसले के खिलाफ गुस्साए पशुपालकों और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने लालबाग स्थित नगर निगम दफ्तर का घेराव कर दिया। मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के नेता अनीस राजा की अगुवाई में पहुंचे सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने दफ्तर के बाहर जमकर हंगामा काटा और मेयर व कमिश्नर के खिलाफ तीखी नारेबाजी की।
जुर्माना लेकर जानवर लौटाने की जिद पर अड़े लोग
सड़क पर उतरे पशुपालकों का कहना है कि जानवर उनकी आजीविका का एकमात्र सहारा हैं। प्रदर्शन कर रहे नेताओं ने मांग रखी कि प्रशासन इन भैंसों को बेचने की जिद छोड़े। उनके मुताबिक, मालिक अपनी गलतियों के लिए तय जुर्माना भरने को तैयार हैं, इसलिए पेनाल्टी लेकर उनके जानवर उन्हें वापस सौंप दिए जाएं। पशुपालकों ने आरोप लगाया कि उनके जीते-जी उनके मवेशियों को किसी और के हाथ नहीं बेचने दिया जाएगा।
हंगामे के बीच अंदर चलती रही बोलियां
एक तरफ बाहर प्रदर्शनकारी और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हो रही थी, वहीं दूसरी तरफ सुरक्षा के कड़े घेरे के बीच दफ्तर के त्रिलोकीनाथ हॉल में मवेशियों को बेचने का काम शुरू कर दिया गया। इस पूरी प्रक्रिया के लिए एक भैंस की शुरुआती कीमत 21,000 रुपये रखी गई। नियम के मुताबिक, इसमें हिस्सा लेने वालों को पहले ही एक लाख रुपये से ज्यादा की रकम जमा करनी पड़ी। प्रशासन ने साफ कर दिया कि जिन लोगों के जानवर पकड़े गए हैं, वे खुद इस खरीद-फरोख्त का हिस्सा नहीं बन सकते।
पारा इलाके में हुई थी बड़ी कार्रवाई
बताया जा रहा है कि,कुछ दिन पहले पारा के गादियाना और आस-पास की कॉलोनियों में चल रही डेयरियों पर प्रशासन ने बड़ा छापा मारा था। इस दौरान 200 से ज्यादा भैंसों को कब्जे में लेकर कांजी हाउस भेज दिया गया था। इसी कार्रवाई के विरोध में आज सपा कार्यकर्ताओं और मवेशी मालिकों का गुस्सा फूट पड़ा। माहौल बिगड़ता देख मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा ताकि स्थिति काबू से बाहर न हो। फिलहाल इलाके में तनाव बना हुआ है।

