पाकिस्तान में कोहराम: स्कूल की छत गिरने से 28 बच्चों समेत 29 की मौत, कई घायल
6:36 PM, Oct 15, 2026
R Express भारत
Share:
पेशावर के एक निजी स्कूल में तीन मंजिला इमारत ढहने से 28 बच्चों और एक महिला टीचर समेत 29 लोगों की जान चली गई है। यह दर्दनाक हादसा उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान क

sketch by - ( AI )
पाकिस्तान । पेशावर के एक निजी स्कूल में तीन मंजिला इमारत ढहने से 28 बच्चों और एक महिला टीचर समेत 29 लोगों की जान चली गई है। यह दर्दनाक हादसा उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान के दीर कॉलोनी इलाके में स्थित 'अल खैर एजुकेशन सेंटर' में हुआ। इस भीषण हादसे में 45 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मलबे के नीचे अभी भी कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका है, जिसके चलते राहत कर्मियों की टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई हैं।
कैसे हुआ यह दर्दनाक हादसा?
चश्मदीदों के मुताबिक, स्कूल में रोज की तरह क्लास चल रही थी। तभी अचानक तीन मंजिला पुरानी इमारत की ऊपरी मंजिल की छत भरभराकर नीचे आ गिरी। छत का वजन इतना ज्यादा था कि उसने नीचे की मंजिलों को भी अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते पूरी बिल्डिंग मलबे के ढेर में तब्दील हो गई। हादसे के वक्त क्लासरूम में बड़ी संख्या में छात्र मौजूद थे, जिन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला। जान गंवाने वाले ज्यादातर बच्चों की उम्र 13 साल या उससे कम बताई जा रही है।
मलबे में दबे दर्जनों मासूम, अस्पताल में इमरजेंसी
हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों और बचाव दलों ने मौके पर पहुंचकर राहत काम शुरू किया। कंक्रीट और सरियों को काटकर मलबे में फंसे बच्चों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तुरंत लेडी रीडिंग अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की छुट्टी रद्द कर इमरजेंसी लागू कर दी गई है। डॉक्टरों के मुताबिक, कई बच्चों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, जिससे मौत का आंकड़ा और बढ़ने का डर है।
घटिया निर्माण और लापरवाही बनी काल
शुरुआती जांच और स्थानीय लोगों के दावों के अनुसार, इस स्कूल की बिल्डिंग का निर्माण बेहद घटिया दर्जे का था। बिना सही पिलर और मजबूती के तीन मंजिलें खड़ी कर दी गई थीं। कमजोर स्ट्रक्चर होने की वजह से भारी दबाव झेल नहीं पाया और यह खौफनाक हादसा हो गया। इलाके के लोगों में इस लापरवाही को लेकर भारी गुस्सा है और वे स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। हर तरफ चीख-पुकार मची है और अपने बच्चों को खो चुके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

