मड़ियांव और जानकीपुरम में अपराधियों पर कसा शिकंजा; 3 लुटेरे और 2 बड़े चोर दबोचे
4:58 PM, Aug 11, 2026
R Express भारत
Share:
मड़ियांव और जानकीपुरम इलाके में पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए दो अलग-अलग गैंग के 5 शातिर अपराधियों को दबोचा है।

sketch by- google
लखनऊ।मड़ियांव और जानकीपुरम इलाके में पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए दो अलग-अलग गैंग के 5 शातिर अपराधियों को दबोचा है। इनके पास से करीब 29 लाख रुपये के जेवरात और लगभग 4 लाख रुपये कैश समेत वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद हुई है। पकड़े गए बदमाशों में से एक पर पहले से ही एक दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं।
राह चलती महिलाओं से झपट्टा मारने वाले 3 लुटेरे दबोचे
पहली सफलता मड़ियांव पुलिस को मिली है। पुलिस टीम ने सड़क पर सन्नाटा देखकर महिलाओं को निशाना बनाने वाले 3 शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। ये बदमाश बाइक से निकलते थे और मौका पाकर महिलाओं के गले से सोने की चैन उड़ा देते थे। पुलिस ने इनके पास से लूटी गई सोने की दो चैन बरामद की हैं, जिनकी बाजार में कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही लूट की वारदातों में इस्तेमाल होने वाली मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त कर ली है। पकड़े गए अपराधियों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और इन पर पहले भी कई मामले दर्ज हैं।
बंद घरों को निशाना बनाने वाले चोर भी सलाखों के पीछे
दूसरी बड़ी कार्रवाई जानकीपुरम पुलिस और डीसीपी नॉर्थ की सर्विलांस व क्राइम टीम ने मिलकर की है। टीम ने बंद मकानों में हाथ साफ करने वाले 2 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। ये चोर पहले कॉलोनियों में घूमकर ऐसे घरों की रेकी करते थे, जहां ताला लटका होता था। इसके बाद रात के अंधेरे में ताला तोड़कर पूरी गृहस्थी साफ कर देते थे।
26 लाख के जेवर और 4 लाख कैश बरामद
चोरों के पास से बरामदगी देखकर खुद पुलिस टीम भी हैरान रह गई। इनके कब्जे से ₹26 लाख की कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और ₹3 लाख 97 हजार रुपये की नगदी बरामद हुई है। पकड़े गए आरोपियों में से एक की पहचान मोहम्मद शोएब उर्फ सुहेल के रूप में हुई है, जो इलाके का पुराना हिस्ट्रीशीटर है। सुहेल के खिलाफ पहले से ही अलग-अलग थानों में 12 से ज्यादा चोरी और लूट के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इन सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि शहर में हुई कुछ अन्य चोरियों का भी पता लगाया जा सके।

