विकासनगर नाले में फूली हुई हालत में मिला शव, छानबीन में जुटी पुलिस
1:41 PM, Aug 28, 2026
R Express भारत
Share:
विकासनगर इलाके में शुक्रवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब रिंग रोड पर बने एक गहरे नाले में एक सड़ा-गला शव तैरता हुआ मिला।

नाले में उतराता मिला कई दिन पुराना शव फोटो सौ0 RExpress भारत
लखनऊ के विकासनगर इलाके में शुक्रवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब रिंग रोड पर बने एक गहरे नाले में एक सड़ा-गला शव तैरता हुआ मिला। घटना मारुति शोरूम के ठीक सामने की है। नाले में इंसानी लाश को देखकर राहगीरों के होश उड़ गए। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तुरंत इस बात की खबर स्थानीय पुलिस को दी।
नाले के पास मची अफरा-तफरी
सूचना मिलते ही विकासनगर पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ को काबू करने और सबूतों को सुरक्षित रखने के लिए नाले के आसपास के हिस्से को रस्सी और बैरिकेड्स से घेर दिया। इसके बाद नाले के गहरे पानी और कीचड़ के बीच से शव को बाहर निकालने का काम शुरू किया गया। शव को निकालने के लिए स्थानीय गोताखोरों और सफाईकर्मियों की मदद ली जा रही है।
मौके पर मौजूद चश्मदीदों का कहना है कि शव किसी पुरुष का है। पानी में लंबे समय तक रहने की वजह से पूरी बॉडी बुरी तरह फूल चुकी है और गलने लगी है। हालत देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह लाश करीब 4 से 5 दिन पुरानी है। शव से काफी तेज बदबू भी आ रही थी, जिसकी वजह से आसपास खड़े लोगों को मुंह पर कपड़ा बांधना पड़ा।
हत्या या हादसा? पुलिस खंगाल रही कड़ियां
शव की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि पहली नजर में उसकी पहचान करना नामुमकिन लग रहा है। पुलिस अब इस गुत्थी को सुलझाने के लिए दोतरफा काम कर रही है। पहली कोशिश मृतक की पहचान करने की है। इसके लिए लखनऊ और आसपास के जिलों के थानों से संपर्क किया जा रहा है, ताकि हाल ही में लापता हुए पुरुषों के रिकॉर्ड का मिलान किया जा सके।
पुलिस इस बात की भी गहराई से जांच कर रही है कि, यह कोई हादसा है या फिर किसी ने हत्या करके शव को ठिकाने लगाने के लिए नाले में फेंक दिया था। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी चेक किए जा रहे हैं ताकि पता चल सके कि पिछले कुछ दिनों में नाले के आसपास कोई संदिग्ध हलचल तो नहीं हुई थी।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
पुलिस का कहना है कि शव को नाले से बाहर निकालने के बाद सीधे मोर्चरी भेजा जाएगा। डॉक्टरों की टीम शव का पोस्टमॉर्टम करेगी। रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि शख्स की मौत पानी में डूबने से हुई है या फिर उसे मारकर यहां फेंका गया था। फिलहाल इस घटना के बाद से पूरे रिंग रोड इलाके में सनसनी फैली हुई है और लोग तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं।

