बंद कमरे में पंखे से लटका मिला गुजरात के युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
1:53 PM, Aug 11, 2026
R Express भारत
Share:
लखनऊ के गोमतीनगर इलाके में विवेकखंड-4 स्थित 'द एलीट इन' होटल के कमरा नंबर 301 में एक युवक का शव पंखे से लटका हुआ मिला।

sketch by - google
लखनऊ के गोमतीनगर इलाके में सोमवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। विवेकखंड-4 स्थित 'द एलीट इन' होटल के कमरा नंबर 301 में एक युवक का शव पंखे से लटका हुआ मिला। मृतक की पहचान गुजरात के रहने वाले अमित शर्मा के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से होटल स्टाफ और आसपास के इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार दोपहर से ही अमित के कमरे में कोई हलचल नहीं हो रही थी। काफी देर तक जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो होटल के मैनेजर को शक हुआ। रात करीब 8:30 बजे मैनेजर ने तुरंत स्थानीय गोमतीनगर पुलिस को इस बात की जानकारी दी।
दरवाजे की दरार से दिखा खौफनाक मंजर
होटल स्टाफ की सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने जब कमरे के दरवाजे की दरार से अंदर झांक कर देखा, तो हर कोई दंग रह गया। अंदर अमित का शरीर एक रस्सी के सहारे पंखे से झूल रहा था। मामला बेहद संवेदनशील होने के कारण पुलिस ने तुरंत साइंटिफिक और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम को मौके पर बुला लिया।
डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में कमरे के दरवाजे को खोला गया। इसके बाद अमित के शव को वहां से निकाला गया। उसे तुरंत जांच के लिए केजीएमयू के ट्रामा सेंटर ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया।
कमरे से मिले मोबाइल और लैपटॉप
फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ने घटना वाली जगह से कई अहम चीजें अपने कब्जे में ली हैं। कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस को अमित का एक वीवो कंपनी का एंड्रॉइड स्मार्टफोन, एक लैपटॉप, एक पेन और एक काले रंग का बैग मिला है। बैग में कपड़े और कुछ निजी सामान रखे हुए थे। पुलिस अब मोबाइल और लैपटॉप की कॉल डिटेल्स और डेटा के जरिए इस आत्मघाती कदम की वजह तलाशने की कोशिश कर रही है।
रायपुर में रहता है परिवार
होटल के दस्तावेजों और अमित के पास मिले आधार कार्ड से उसकी शिनाख्त अमित शर्मा के रूप में हुई। वह मूल रूप से पालनपुर, बनासकांठा (गुजरात) का रहने वाला था। पुलिस ने जब उसके मोबाइल से परिवार का नंबर निकालकर अमित की पत्नी से बात की, तो पता चला कि, उसका पूरा परिवार इस समय रायपुर (छत्तीसगढ़) में रह रहा है।
परिजनों को इस हादसे की खबर दे दी गई है और वे लखनऊ के लिए रवाना हो चुके हैं। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह और समय का खुलासा हो सकेगा।

