रायपुर से लापता मीडिया मैनेजर का लखनऊ में मिला शव, भाई ने उठाए सवाल
6:15 PM, Aug 11, 2026
R Express भारत
Share:
लखनऊ के गोमती नगर के एक नामी होटल एलीट के कमरे में छत्तीसगढ़ से लापता चल रहे एक मीडिया संस्थान के मार्केटिंग मैनेजर का शव फंदे से लटका हुआ पाया गया है।

अमित शर्मा की फोटो सौ0 RExpress भारत
लखनऊ के गोमती नगर के एक नामी होटल एलीट के कमरे में छत्तीसगढ़ से लापता चल रहे एक मीडिया संस्थान के मार्केटिंग मैनेजर का शव फंदे से लटका हुआ पाया गया है। मृतक की पहचान 44 वर्षीय अमित शर्मा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से कानपुर के रहने वाले थे लेकिन वर्तमान में अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ छत्तीसगढ़ के रायपुर में रह रहे थे। वह वहां 'नई दुनिया' अखबार में बतौर मार्केटिंग मैनेजर कार्यरत थे।
6 अगस्त से बंद था फोन, बस अड्डे पर मिली थी स्कूटी
पारिवारिक सूत्रों और मिली जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला बीते हफ्ते से जुड़ा हुआ है। अमित शर्मा 6 अगस्त को रायपुर स्थित अपने दफ्तर से यह कहकर निकले थे कि वह मार्केटिंग के किसी काम से बाहर जा रहे हैं। वह अपनी स्कूटी से रवाना हुए थे, लेकिन उसके बाद से वह वापस नहीं लौटे। जब दफ्तर के सहयोगियों ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की, तो उनका मोबाइल फोन लगातार स्विच ऑफ आ रहा था।
चिंता बढ़ने पर दफ्तर के लोग उनके घर पहुंचे और उनकी पत्नी दीप्ति को इस बात की जानकारी दी। परिजनों ने जब उनकी तलाश शुरू की, तो रायपुर बस स्टैंड पर अमित शर्मा की स्कूटी लावारिस हालत में खड़ी मिली। इसके बाद घबराए परिवार ने दफ्तर के लोगों के साथ मिलकर रायपुर के गंज थाने में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। तभी से पुलिस और परिजन लगातार उनकी खोजबीन में जुटे थे।
होटल के कमरा नंबर 301 में क्या हुआ?
तलाश के बीच मंगलवार सुबह लखनऊ के गोमती नगर स्थित एलीट होटल में हड़कंप मच गया। होटल के स्टाफ ने बताया कि रूम नंबर 301 में ठहरे मेहमान के दरवाजे पर वेटर ने कई बार दस्तक दी और घंटी बजाई, लेकिन अंदर से कोई आवाज या हलचल नहीं हुई। अनहोनी की आशंका को देखते हुए होटल के मैनेजर ने तुरंत स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जब कमरे का दरवाजा तोड़ा, तो अंदर का नजारा देखकर सबके होश उड़ गए। अमित शर्मा का शव कमरे के भीतर पंखे से बंधे एक रस्से के सहारे लटक रहा था। उनके शव के पास ही उनका लैपटॉप और मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है, जो कि बंद पड़ा था। पुलिस ने जब मोबाइल को चालू किया, तब जाकर उनकी पहचान साफ हो सकी और तुरंत उनके परिवार को इस अनहोनी की सूचना दी गई।
भाई ने कहा- कुछ दिनों से डिप्रेशन में थे, हो गहरी जांच
अमित के भाई विजय शर्मा, जो खुद कानपुर में 'आज' अखबार के मार्केटिंग विभाग में काम करते हैं, ने बताया कि अमित स्वभाव से काफी शांत और रिजर्व किस्म के इंसान थे। वह अपने काम में ही डूबे रहते थे, जिसके कारण हाल-फिलहाल में उनसे बहुत ज्यादा बातचीत नहीं हो पाती थी। हालांकि, विजय को यह जानकारी मिली थी कि अमित पिछले कुछ समय से किसी गंभीर बात को लेकर गहरे मानसिक तनाव से गुजर रहे थे।
इस घटना के बाद से अमित के पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। भाई विजय ने अब इस मामले में निष्पक्ष और गहन जांच की मांग उठाई है। उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि अमित के पास से मिले लैपटॉप और उनके मोबाइल की कॉल डिटेल्स की बारीकी से जांच की जानी चाहिए, ताकि यह साफ हो सके कि आखिर वह किस वजह से इतने तनाव में थे और रायपुर से सीधे लखनऊ के इस होटल तक कैसे पहुंचे।

