होमवीडियो
ब्रेकिंग
sliderimg

मड़ियांव में 5 दिन से लापता प्रॉपर्टी डीलर सलीम का गोमती नदी में मिला शव

3:00 PM, Aug 11, 2026

मुस्कान​ सिंह
R Express भारत

Share:

लखनऊ के मड़ियांव इलाके में पिछले पांच दिनों से रहस्यमयी ढंग से गायब चल रहे एक जाने-माने प्रॉपर्टी डीलर का शव मंगलवार सुबह गोमती नदी में तैरता हुआ पाया गया।

 मड़ियांव में 5 दिन से लापता प्रॉपर्टी डीलर सलीम का गोमती नदी में मिला शव

सैय्यद रफी उर्फ सलीम की फोटो सौ0 RExpress भारत

लखनऊ के मड़ियांव इलाके में पिछले पांच दिनों से रहस्यमयी ढंग से गायब चल रहे एक जाने-माने प्रॉपर्टी डीलर का शव मंगलवार सुबह गोमती नदी में तैरता हुआ पाया गया। इस खबर के सामने आते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान बारी एन्क्लेव के रहने वाले 54 वर्षीय सैय्यद रफी उर्फ सलीम के रूप में हुई है। सलीम का प्रीति नगर में प्रॉपर्टी डीलिंग का एक मुख्य ऑफिस भी है। 5 दिनों से परिजन उनकी तलाश में जुटे थे, लेकिन मंगलवार की सुबह उनकी उम्मीदें पूरी तरह टूट गईं।

बाल कटवाने की बात कहकर निकले थे घर से बाहर

पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला 6 अगस्त की शाम का है। सलीम शाम को करीब 4 बजे अपनी पत्नी अर्शी से यह कहकर निकले थे कि वह पास में ही बाल कटवाने जा रहे हैं। वह पैदल ही घर से बाहर निकले थे। जब काफी देर होने के बाद भी वह वापस नहीं लौटे, तो पत्नी को चिंता हुई। अर्शी ने जब कमरे में जाकर देखा तो वहां का नजारा हैरान करने वाला था। सलीम अपना मुख्य पर्स और मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ गए थे। इसके बाद परिजनों ने डालीगंज में स्थित अपने पैतृक मकान और अन्य रिश्तेदारों के यहाँ भी पूछताछ की, लेकिन सलीम का कहीं कोई सुराग नहीं लगा। परेशान होकर उसी रात मड़ियांव पुलिस को इस गुमशुदगी की सूचना दी गई।

नदी में तैरती लाश देख दहल उठे लोग

मंगलवार सुबह मड़ियांव के धैला पुल के पास से गुजर रहे राहगीरों ने गोमती नदी के पानी में एक शव को उतराते हुए देखा। नदी में लाश मिलने की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने गोताखोरों की मदद ली और काफी मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकलवाया। शव को तुरंत पहचान और आगे की जांच के लिए भेजा गया।

कपड़ों को देखकर रो पड़ी पत्नी, ऐसे हुई शिनाख्त

नदी से निकाले जाने के कारण शव की स्थिति काफी खराब हो चुकी थी। पुलिस ने सबसे पहले सलीम के चचेरे भाई सद्दाम को पहचान के लिए बुलाया, लेकिन चेहरा बिगड़ जाने के कारण सद्दाम शव को पहचान नहीं सका। इसके बाद सलीम की पत्नी अर्शी को बुलाया गया। अर्शी ने शव पर मौजूद कपड़ों को देखते ही अपने पति को पहचान लिया और वह फूट-फूटकर रो पड़ीं।

18 साल पुराना दर्द और कॉल डिटेल की मांग

इस पूरी घटना के पीछे कई अनसुलझे सवाल खड़े हो गए हैं। सलीम के भाइयों ने बताया कि वह बेहद शांत स्वभाव के थे और अपनी बातें किसी से साझा नहीं करते थे। वह पिछले 18 सालों से माइग्रेन की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे, जिसका लगातार इलाज चल रहा था। परिवार ने अब सलीम के घर पर छूटे मोबाइल फोन की कॉल डिटेल को खंगालने की मांग उठाई है। परिजनों का कहना है कि कॉल रिकॉर्ड्स से यह साफ हो सकता है कि लापता होने से ठीक पहले या उस दिन सलीम किसके संपर्क में थे और क्या उन पर किसी तरह का कोई मानसिक या कारोबारी दबाव था। फिलहाल मौत की असली वजह क्या है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तरह साफ हो पाएगा।

विज्ञापन

विज्ञापन

सम्बंधित खबर

अपना शहर

और देखें

विज्ञापन

Follow Us:

Download App

Play Store

Subscribe Now

Play StoreR Express Bharat
Develop & Design by SpriteEra IT Solutions

Copyright © RexpressBharat, 2026