फंदे से लटका मिला गर्भवती महिला का शव, ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज
5:01 PM, Jun 3, 2026
R Express भारत
Share:
वजीरगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मूंगफली मंडी इलाके में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 24 वर्षीय विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकता

फंदे से लटका मिला तीन माह की गर्भवती महिला का शव सौ0 REpress भारत
लखनऊ।वजीरगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मूंगफली मंडी इलाके में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 24 वर्षीय विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकता हुआ पाया गया। आनन-फानन में महिला को नजदीकी बलरामपुर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान सीतापुर के चौधरी टोला निवासी पूजा शाह के रूप में हुई है, जो तीन महीने की गर्भवती थी। घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष में कोहराम मच गया। मृतका के भाई ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का गंभीर आरोप लगाते हुए स्थानीय पुलिस में मामला दर्ज कराया है।
तीन साल पहले हुई थी शादी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से सीतापुर की रहने वाली पूजा शाह का विवाह करीब तीन वर्ष पूर्व वजीरगंज स्थित मूंगफली मंडी के निवासी शुभम शाह के साथ हुआ था। शुभम पेशे से फल विक्रेता है और ठेला लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। दाम्पत्य जीवन के दौरान पूजा ने एक बेटे को जन्म दिया, जो वर्तमान में करीब डेढ़ वर्ष का है। परिजनों के मुताबिक, पूजा इस समय तीन माह की गर्भवती भी थी।
मायके पक्ष का आरोप: लगातार किया जा रहा था प्रताड़ित
मृतका के भाई विनोद ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि, शादी के कुछ समय बाद से ही पूजा को अतिरिक्त दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा था। ससुराल वाले लगातार पैसों और अन्य सामान की मांग को लेकर पूजा के साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न करते थे। विनोद के अनुसार, मंगलवार देर शाम उन्हें सूचना मिली कि उनकी बहन ने कथित तौर पर फांसी लगा ली है और उसे गंभीर हालत में फंदे से उतारकर बलरामपुर चिकित्सालय ले जाया गया है, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मायके पक्ष का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
शुरूघटना की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया। भाई विनोद की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मृतका के पति शुभम शाह, सास और देवर के खिलाफ दहेज हत्या (डोवरी डेथ) की संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस टीम मामले के हर पहलू की गहनता से तफ्तीश कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

