होमवीडियो
ब्रेकिंग
sliderimg

मकान मालिक पर जानलेवा हमला: लखनऊ में मामूली विवाद पर किराएदार ने चलाई गोली

1:02 PM, Jul 30, 2026

मुस्कान​ सिंह
R Express भारत

Share:

पीजीआई थाना क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहाँ उतराठिया क्षेत्र में देर रात एक घर के अंदर जमकर तांडव हुआ।

मकान मालिक पर जानलेवा हमला: लखनऊ में मामूली विवाद पर किराएदार ने चलाई गोली

किराएदार ने मकान मालिक पर चलाया कट्टा फोटो सौ0 RExpress भारत

लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहाँ उतराठिया क्षेत्र में देर रात एक घर के अंदर जमकर तांडव हुआ। घर में रहने वाले एक किराएदार ने मामूली बहस के बाद ऐसा खौफनाक कदम उठाया कि, पूरे इलाके के लोग दहल गए। मामूली सी कहासुनी के बाद किराएदार इस कदर आगबबूला हुआ कि उसने अपने ही मकान मालिक पर कट्टा तान दिया और जान से मारने की नीयत से ट्रिगर दबा दिया। खुशकिस्मती यह रही कि निशाना चूक गया और मकान मालिक की जान बाल-बाल बच गई। वारदात को अंजाम देकर भाग रहे इस सिरफिरे को रात में गश्त कर रही पुलिस की टीम ने जनता की मदद से धर दबोचा।

छोटी सी बात पर शुरू हुई थी बहस

यह पूरी वारदात उतराठिया में रहने वाले मोहित मिश्रा के घर पर हुई। मोहित ने अपने मकान में कई लोगों को किराए पर कमरे दे रखे हैं। इन्हीं में से एक कमरा अभिषेक श्रीवास्तव नाम के युवक ने ले रखा था, जो पिछले करीब ढाई साल से यहाँ रह रहा था। अभिषेक का काम लोगों के घरों पर जाकर बाल काटना यानी हेयर ड्रेसिंग का था। सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन बुधवार की रात करीब साढ़े बारह बजे अचानक घर का माहौल बदल गया।

बताया जा रहा है कि अभिषेक की किसी बात को लेकर घर के ही दूसरे किराएदार से तीखी बहस होने लगी। रात का समय था, इसलिए दोनों की आवाज़ें काफी तेज़ आ रही थीं। शोर-शराबा सुनकर मकान मालिक मोहित मिश्रा का बेटा यह सोचकर बीच-बचाव करने पहुंचा कि मामला शांत हो जाएगा। लेकिन अभिषेक को उसका बीच में आना नागवार गुजरा। वह मामले को शांत करने के बजाय मोहित के बेटे से ही भिड़ गया।

दो बार चूका निशाना, तीसरी बार में चली गोली

बात इतनी बढ़ गई कि, अभिषेक गाली-गलौज करते हुए हाथापाई पर उतर आया। उसने मोहित मिश्रा और उनके परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी। परिवार ने उसे शांत करने की कोशिश की, लेकिन उसके सिर पर खून सवार था। वह गुस्से में तमतमाता हुआ अपने कमरे की तरफ भागा। घर वालों को लगा कि शायद वह मामला शांत होने पर जा रहा है, लेकिन वह कुछ ही देर में हाथ में अवैध कट्टा लहराते हुए बाहर निकला।

कट्टा देखते ही परिवार के होश उड़ गए। अभिषेक सीधे मोहित मिश्रा के सामने आया और उन पर निशाना साधकर ट्रिगर दबा दिया। पहली बार में गोली मिसफायर हो गई। अभिषेक ने दोबारा कोशिश की, लेकिन दूसरी बार भी कट्टा दगा दे गया। इसके बाद भी वह नहीं रुका और उसने तीसरी बार ट्रिगर दबाया। इस बार कट्टे से गोली चल गई। ऐन वक्त पर मोहित ने खुद को बचाया, जिससे गोली उनके पास से गुजरती हुई दीवार में जा धंसी। गोली की आवाज़ सुनते ही पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई।

रात के अंधेरे में लोगों ने दौड़ाकर पकड़ा

गोली चलने के बाद अभिषेक को अहसास हुआ कि वह फंस चुका है, इसलिए उसने तुरंत वहां से पैर थामे और भागने लगा। मोहित के परिजनों और पड़ोसियों ने हिम्मत दिखाई और शोर मचाते हुए उसके पीछे दौड़ लगा दी। संयोग से उसी समय उतराठिया बाज़ार के पास पुलिस की डायल 112 की गाड़ी गश्त कर रही थी। लोगों को शोर मचाते हुए भागते देख पुलिस अलर्ट हो गई।

पुलिकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से घेराबंदी की और भाग रहे अभिषेक को सड़क पर ही दबोच लिया। पकड़े जाने के बाद पुलिस ने जब उससे सख्ती से पूछताछ की, तो उसने वह जगह भी बता दी जहाँ उसने वारदात में इस्तेमाल किया गया कट्टा छिपाया था। पुलिस ने पास की झाड़ियों की तलाशी लेकर अवैध हथियार को अपने कब्जे में ले लिया।

आरोपी अब सलाखों के पीछे

इस पूरी घटना के बाद पीड़ित परिवार ने तुरंत थाने जाकर अपनी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया है। आरोपी अभिषेक श्रीवास्तव के खिलाफ हत्या की कोशिश, मारपीट, जान से मारने की धमकी देने और बिना लाइसेंस के गैरकानूनी हथियार रखने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया गया है।

पीजीआई इलाके के प्रभारी सुनील सिंह ने साफ किया है कि, आरोपी को पूरी तरह से गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे लॉकअप में डाल दिया गया है। पुलिस अब इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि बाल काटने वाले इस युवक के पास आखिर यह अवैध कट्टा कहाँ से आया और इसके पीछे कोई और आपराधिक नेटवर्क तो काम नहीं कर रहा है।

विज्ञापन

विज्ञापन

सम्बंधित खबर

अपना शहर

और देखें

विज्ञापन

Follow Us:

Download App

Play Store

Subscribe Now

Play StoreR Express Bharat
Develop & Design by SpriteEra IT Solutions

Copyright © RexpressBharat, 2026