होमवीडियो
ब्रेकिंग
sliderimg

कोचिंग में पढ़ने वाली 9वीं की छात्रा से 1 साल तक घिनौना खेल, शिक्षक गिरफ्तार

6:20 PM, Jul 28, 2026

मुस्कान​ सिंह
R Express भारत

Share:

तालकटोरा थाना क्षेत्र में एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है,जिसने शिक्षा के मंदिर को पूरी तरह से दागदार कर दिया है।

 कोचिंग में पढ़ने वाली 9वीं की छात्रा से 1 साल तक घिनौना खेल, शिक्षक गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपी शिक्षक को पकड़ा फोटो सौ0 RExpress भारत

लखनऊ। तालकटोरा थाना क्षेत्र में एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है,जिसने शिक्षा के मंदिर को पूरी तरह से दागदार कर दिया है। राजाजीपुरम स्थित एक नामी कोचिंग सेंटर में पढ़ने वाली 14 साल की नाबालिग छात्रा के साथ वहीं के एक शिक्षक ने करीब एक साल तक डरा-धमकाकर और बहला-फुसलाकर गलत काम किया। जब इस बात का विरोध किया गया, तो कोचिंग संचालक ने भी पीड़िता के परिवार को जान से मारने की धमकी दे डाली। पीड़ित परिवार की हिम्मत के कारण यह पूरा मामला खुलकर सामने आया है, जिसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी शिक्षक को सलाखों के पीछे भेज दिया है।

कोचिंग में शुरू हुआ प्रताड़ना का सिलसिला

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित बच्ची कक्षा 9 की छात्रा है और अपनी पढ़ाई को बेहतर करने के लिए राजाजीपुरम स्थित 'निखिल क्लासेस' नाम के कोचिंग सेंटर में ट्यूशन पढ़ने जाती थी। इसी कोचिंग सेंटर में पढ़ाने वाले शिक्षक विवेक तिवारी की नजर उस मासूम पर पड़ गई। आरोप है कि करीब एक साल पहले शिक्षक ने छात्रा को बहला-फुसलाकर उसके साथ पहली बार गलत काम किया। इसके बाद वह बच्ची को डराने लगा कि अगर उसने घर पर किसी को कुछ भी बताया, तो वह उसे बदनाम कर देगा या उसे जान से मार देगा। इसी डर का फायदा उठाकर आरोपी लगातार एक साल तक उसका शारीरिक और मानसिक शोषण करता रहा।

यह मामला सिर्फ शारीरिक शोषण तक ही सीमित नहीं रहा। आरोपी शिक्षक विवेक तिवारी सोशल मीडिया के जरिए छात्रा को लगातार अश्लील मैसेज और तस्वीरें भेजकर प्रताड़ित करता था। आरोपी ने छात्रा को इस कदर अपने वश में कर रखा था और डराया हुआ था कि उसने बच्ची को अपने ही घर में चोरी करने के लिए मजबूर कर दिया। आरोपी के कहने पर मासूम बच्ची ने डर के मारे अपने ही घर की अलमारी से भारी मात्रा में कैश और सोने की एक कीमती अंगूठी चुराकर उस शिक्षक को सौंप दी।

कोचिंग संचालक ने भी दिया आरोपी का साथ

लगातार मिल रही प्रताड़ना से तंग आकर और डिप्रेशन में जाने के बाद छात्रा ने आखिरकार हिम्मत जुटाई और रोते हुए अपनी मां को पूरी आपबीती सुनाई। बेटी की बात सुनकर पैरों तले जमीन खिसक गई। परिवार वाले तुरंत शिकायत लेकर कोचिंग सेंटर के मालिक निखिल तिवारी के पास पहुंचे। उन्हें उम्मीद थी कि कोचिंग संचालक इस पर सख्त कार्रवाई करेगा, लेकिन नतीजा इसके बिल्कुल उलट रहा। कोचिंग संचालक निखिल तिवारी ने आरोपी शिक्षक का बचाव करते हुए पीड़ित परिवार के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और साफ कहा कि अगर पुलिस के पास गए, तो पूरे परिवार को जान से मार देगा।

धमकी मिलने के बाद भी पीड़ित परिवार पीछे नहीं हटा और उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए तालकटोरा थाने में मामले की पूरी जानकारी दी। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत एक्शन लिया और नई कानून व्यवस्था की गंभीर धाराओं तथा बच्चों की सुरक्षा से जुड़े कड़े पॉक्सो कानून के तहत केस दर्ज कर लिया।

केस दर्ज होते ही पुलिस की एक टीम तुरंत हरकत में आई और मुख्य आरोपी शिक्षक विवेक तिवारी के ठिकाने पर छापेमारी की। पुलिस ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, आरोपी शिक्षक से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने किसी और बच्ची के साथ भी ऐसा व्यवहार तो नहीं किया। पुलिस अब छात्रा के बयान दर्ज कराने, उसका मेडिकल टेस्ट कराने के साथ-साथ शिक्षक के मोबाइल से डिलीट किए गए सोशल मीडिया चैट्स और अन्य तकनीकी व वैज्ञानिक सबूतों को इकट्ठा करने में जुट गई है। इस घटना के बाद से इलाके के अभिभावकों में कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा और उनके स्टाफ के वेरिफिकेशन को लेकर गहरा रोष व्याप्त है।

विज्ञापन

विज्ञापन

सम्बंधित खबर

अपना शहर

और देखें

विज्ञापन

Follow Us:

Download App

Play Store

Subscribe Now

Play StoreR Express Bharat
Develop & Design by SpriteEra IT Solutions

Copyright © RexpressBharat, 2026