कानूनी कार्रवाई के डर से नवविवाहित युवक ने लगाई फांसी, 6 महीने पहले की थी लव मैरिज
5:10 PM, Aug 22, 2026
R Express भारत
Share:
हरदोई में कानूनी कार्रवाई और पुलिस की बार-बार दबिश से उपजे तनाव के कारण एक 21 वर्षीय युवक ने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

चंद्रशेखर रविदास की फोटो सौ0 RExpress भारत
उत्तर प्रदेश। हरदोई में कानूनी कार्रवाई और पुलिस की बार-बार दबिश से उपजे तनाव के कारण एक 21 वर्षीय युवक ने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। युवक ने लगभग 6 महीने पहले प्रेम विवाह किया था, जिसके बाद से ही वह मानसिक दबाव में था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरदोई जिले के बेनीगंज थाना क्षेत्र के सादीपुर गांव का निवासी 21 वर्षीय चंद्रशेखर लखनऊ के एक नर्सिंग होम में कार्यरत था। इसी दौरान उसे उन्नाव की रहने वाली रंजना से प्रेम हो गया। लगभग आधा साल पहले दोनों ने परिवार की मर्जी के बिना विवाह कर लिया और काकोरी के समदा गांव में किराए पर रहने लगे।
चंद्रशेखर के पिता रामसनेही के अनुसार, इस शादी से रंजना के परिजन नाराज थे। अगस्त माह में रंजना की माता ने उन्नाव के अजगैन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत के बाद से ही पुलिस चंद्रशेखर की तलाश में जुटी थी और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।
तनाव की वजह
बताया जा रहा है कि, पुलिस की जांच के दौरान आसपास के लोगों से पूछताछ की गई, जिससे चंद्रशेखर काफी तनाव में आ गया था। उसे सामाजिक बदनामी और कानूनी परिणाम का डर सताने लगा था। इसी मानसिक दबाव और घबराहट के चलते शनिवार सुबह उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। स्थानीय लोगों ने जब उसका शव देखा तो तुरंत अधिकारियों को सूचित किया।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। युवक की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

