खाना बनाते समय गैस पाइप लीक होने से लगी आग, बीएससी नर्सिंग की छात्रा की मौत
4:22 PM, Aug 1, 2026
R Express भारत
Share:
लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ गुलिस्तां कॉलोनी में खाना बनाते समय अचानक गैस सिलेंडर का पाइप लीक होने के कारण भीषण

काजल विश्वकर्मा फोटो सौ0 RExpress भारत
लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ गुलिस्तां कॉलोनी में खाना बनाते समय अचानक गैस सिलेंडर का पाइप लीक होने के कारण भीषण आग लग गई। इस हादसे में एक 21 वर्षीय विवाहिता गंभीर रूप से झुलस गई। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतका बीएससी नर्सिंग थर्ड ईयर की छात्रा थी और कुछ ही दिन पहले मायके आई थी।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, चिनहट की गुलिस्तां कॉलोनी की रहने वाली 21 वर्षीय काजल विश्वकर्मा की शादी इसी साल फरवरी में हुई थी। उनका विवाह उन्नाव जिले के औरास थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मीठेपुर गांव के निवासी विश्वास विश्वकर्मा के साथ हुआ था। विश्वास पेशे से जौहरी हैं और उनकी ज्वेलरी की दुकान है। शादी के बाद काजल अपनी पढ़ाई पूरी करने के लिए चिनहट स्थित अपने मायके आई हुई थीं।
मायके में पढ़ाई के दौरान हुआ हादसा
मृतका के भाई पवन ने बताया कि काजल चिनहट के ही एक प्रतिष्ठित संस्थान से बीएससी नर्सिंग थर्ड ईयर की पढ़ाई कर रही थीं। परीक्षा और पढ़ाई के सिलसिले में वह कुछ दिन पहले ही अपने मायके लौटी थीं। शुक्रवार दोपहर को वह हमेशा की तरह रसोई में खाना बनाने गईं। इसी दौरान अचानक गैस का पाइप रेगुलेटर या चूल्हे से हट गया, जिससे पूरी किचन में तेजी से गैस फैल गई और देखते ही देखते भयानक आग लग गई।
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
आग की लपटों में घिरने के बाद काजल ने मदद के लिए शोर मचाया। आवाज सुनकर घर के अन्य सदस्य तुरंत रसोई की तरफ भागे। परिवार वालों ने किसी तरह कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और बुरी तरह झुलस चुकी काजल को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए इलाज शुरू किया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद काजल को बचाया नहीं जा सका और इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। इस घटना के बाद से दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

