नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से विमानों का संचालन शुरू, पहली फ्लाइट से लखनऊ पहुंचे जेवर के किसान
12:44 PM, Jun 15, 2026
R Express भारत
Share:
उत्तर प्रदेश के विकास और नागरिक उड्डयन के क्षेत्र में आज एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है। जेवर में बने एशिया के बड़े हवाई अड्डों में शुमार 'नोएडा इंटरने

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से विमानों का संचालन शुरू सौ0 RExpress भारत
उत्तर प्रदेश के विकास और नागरिक उड्डयन के क्षेत्र में आज एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है। जेवर में बने एशिया के बड़े हवाई अड्डों में शुमार 'नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट' से सोमवार सुबह व्यावसायिक उड़ानों का संचालन पूरी तरह शुरू हो गया। इस ऐतिहासिक दिन को और अधिक गौरवमयी बनाने के लिए प्रशासन ने एक अनोखी पहल की। एयरपोर्ट की सबसे पहली फ्लाइट से उन 172 किसानों को लखनऊ भेजा गया, जिन्होंने इस मेगा प्रोजेक्ट के निर्माण के लिए अपनी बहुमूल्य जमीनें स्वेच्छा से दी थीं। जेवर के ये सभी किसान लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेंगे।
वाटर कैनन सलामी से हुआ पहली फ्लाइट का स्वागत
एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक, आज सुबह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से इंडिगो एयरलाइंस के विमान ने सुबह 7:05 बजे जेवर के लिए उड़ान भरी। ठीक एक घंटे के सफर के बाद सुबह 8:05 बजे जैसे ही इस विमान ने जेवर एयरपोर्ट के नए रनवे को छुआ, वहां मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने तालियों के साथ इसका स्वागत किया। नए एयरपोर्ट पर उतरी इस पहली फ्लाइट को परंपरा के अनुसार 'वाटर कैनन सैल्यूट'दिया गया। इसके बाद यही विमान जेवर के किसानों को लेकर वापस लखनऊ के लिए रवाना हुआ।
सीएम आवास पर मुख्यमंत्री से मिलेंगे भूमिदाता
इस पहली ऐतिहासिक उड़ान का हिस्सा बनने वाले किसानों में भारी उत्साह देखा गया। जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में लखनऊ पहुंचे इन 172 किसानों के स्वागत के लिए लखनऊ एयरपोर्ट पर विशेष इंतजाम किए गए थे। हवाई अड्डे से इन सभी किसानों को विशेष बसों के जरिए सीधे मुख्यमंत्री आवास ले जाया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद इन किसानों से मुलाकात कर उनके योगदान की सराहना करेंगे और उनके साथ दोपहर का भोजन भी करेंगे। किसानों का कहना है कि उनकी जमीनों पर आज विमानों को उड़ता देखना उनके लिए जीवन का सबसे भावुक और गर्व करने वाला क्षण है।
जेवर हवाई अड्डे के टर्मिनल से आज घरेलू उड़ानों का सिलसिला पूरी तरह चालू हो गया है। लखनऊ के अलावा आज पहले दिन देश के तीन अन्य बड़े शहरों—बेंगलुरु, हैदराबाद और अमृतसर के लिए भी नियमित उड़ानें शुरू कर दी गई हैं। आने वाले दिनों में मुंबई, कोलकाता और चेन्नई जैसी मेट्रो सिटीज के लिए भी उड़ानों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए भी एयरलाइंस कंपनियों के साथ रूट फाइनल किए जा रहे हैं।
सालाना 1.2 करोड़ यात्रियों को मिलेगी सुविधा
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का पहला चरण अब पूरी तरह से क्रियाशील हो चुका है। शुरुआती चरण में यहां एक भव्य पैसेंजर टर्मिनल और एक अत्याधुनिक रनवे तैयार किया गया है। इस चरण की कुल क्षमता सालाना 1.2 करोड़ यात्रियों को संभालने की है। यह एयरपोर्ट न केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश बल्कि दिल्ली-एनसीआर के यात्रियों के लिए इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के एक मजबूत विकल्प के रूप में उभरेगा, जिससे दिल्ली एयरपोर्ट पर यात्रियों का दबाव काफी कम हो जाएगा। इस परियोजना से आने वाले समय में रोजगार के लाखों नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

