लखनऊ के गुडंबा में बदमाशों का तांडव: 4 दिन में दो बड़ी लूट, वॉक पर निकले लोगों में खौफ
1:00 PM, Aug 7, 2026
R Express भारत
Share:
गुडंबा थाना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। आलम यह है किख् महज चार दिनों के अंदर बाइक सवार बदमाशों ने सरेआम लूट की दो बड़ी वारदातों को

गुडंबा थाना की फोटो सौ0 RExpress भारत
लखनऊ। गुडंबा थाना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। आलम यह है किख् महज चार दिनों के अंदर बाइक सवार बदमाशों ने सरेआम लूट की दो बड़ी वारदातों को अंजाम दे डाला है। इस ताजा मामले ने सुबह-शाम टहलने निकलने वाले स्थानीय लोगों की नींद उड़ा दी है।
ताजा मामला शुक्रवार सुबह का है, जब जानकीपुरम के रहने वाले जाने-माने चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) पवन कपूर रोजाना की तरह सुबह टहलने निकले थे। वह सेक्टर-जे में मौजूद पंचवटी पार्क के पास वॉक कर रहे थे। तभी अचानक एक तेज रफ्तार बाइक उनके पास आकर रुकी। बाइक पर सवार शातिर बदमाश ने पलक झपकते ही पवन कपूर के गले पर हाथ मारा और उनकी सोने की भारी-भरकम चेन तोड़कर रफूचक्कर हो गया।
हैरान करने वाली बात यह है कि यह पूरी वारदात सेक्टर-जे पुलिस चौकी से महज कुछ ही दूरी पर हुई। बदमाश इतने बेखौफ हैं कि उन्हें पुलिस का जरा भी डर नहीं है। शोर मचाने पर जब तक लोग इकट्ठा हुए, तब तक लुटेरा आंखों से ओझल हो चुका था।
चार दिन पहले बड़े अफसर से हुई थी लूट
यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे ठीक चार दिन पहले यानी रविवार की रात को भी बदमाशों ने ऐसी ही एक वारदात को अंजाम दिया था। सेक्टर-एच जानकीपुरम के रहने वाले अशोक कुमार, जो भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण से बड़े पद से रिटायर हुए हैं, रात करीब 11 बजे एसबीआई रोड पर चार नंबर चौराहे की तरफ टहल रहे थे।
तभी पीछे से आए दो अज्ञात बाइक सवारों ने उनके गले से भी सोने की चेन झपट ली थी। अशोक कुमार ने इस मामले की शिकायत तुरंत थाने में दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस अभी तक उन बदमाशों का सुराग भी नहीं लगा पाई थी कि लुटेरों ने दूसरी वारदात कर पुलिस को खुली चुनौती दे दी।
जनता में भारी गुस्सा, सीसीटीवी खंगालने में जुटी टीम
एक के बाद एक हुई इन घटनाओं से इलाके के लोगों में काफी गुस्सा और डर का माहौल है। लोगों का कहना है कि पुलिस की सुस्ती की वजह से बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। फिलहाल, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस अब पंचवटी पार्क और उसके आसपास के रास्तों पर लगे कैमरों के फुटेज देख रही है, ताकि बदमाशों का हुलिया और उनकी बाइक का नंबर पता लगाया जा सके।अगर आप भी सुबह या शाम को जानकीपुरम या गुडंबा के आसपास टहलने निकलते हैं, तो बेहद सावधान रहें। जब तक ये लुटेरे पकड़े नहीं जाते, तब तक गले में कोई भी कीमती चेन या गहना पहनकर बाहर निकलने से बचें।

