चंद्रिका देवी मंदिर परिसर में चोरों का तांडव, होलसेल दुकान से नकदी पार, CCTV में कैद हुई वारदात
1:18 PM, Jun 8, 2026
R Express भारत
Share:
बख्शी का तालाब थाना क्षेत्र क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं। कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए चोरों ने अब क्षेत्र के सुप्रसिद्ध और प्रतिष्ठित मां च

चंद्रिका देवी मंदिर परिसर में चोरों का तांडव सौ0 RExpress भारत
लखनऊ।बख्शी का तालाब थाना क्षेत्र क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं। कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए चोरों ने अब क्षेत्र के सुप्रसिद्ध और प्रतिष्ठित मां चंद्रिका देवी मंदिर परिसर को अपना निशाना बनाना शुरू कर दिया है। मंदिर परिसर और आसपास के गांवों में लगातार हो रही चोरी की वारदातों से स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई पूरी वारदात
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बख्शी का तालाब थाना क्षेत्र के कठवारा चौकी अंतर्गत आने वाले चंद्रिका देवी मंदिर परिसर में अतुल सिंह की तांबे के पात्र और बर्तनों की एक बड़ी होलसेल दुकान है। देर रात अज्ञात चोरों ने इस दुकान को अपना निशाना बनाया। चोरों ने दुकान में घुसकर गल्ले का ताला तोड़ा और उसमें रखी तमाम नकदी लेकर रफूचक्कर हो गए। हालांकि, पीड़ित दुकानदार के लिए राहत की बात यह है कि दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे चालू थे। चोरी की यह पूरी सनसनीखेज वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें चोरों की हरकतें साफ दिखाई दे रही हैं।
कठवारा चौकी पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
इस घटना के बाद से स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था और कठवारा चौकी पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। मां चंद्रिका देवी मंदिर एक बेहद प्रतिष्ठित धार्मिक स्थल है, जहाँ हर समय श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थान पर लगातार चोरियां होना पुलिस गश्त और मुस्तैदी के दावों की पोल खोलता है। सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध होने के बाद भी पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं, जिससे व्यापारियों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि, इस क्षेत्र में चोरों का आतंक नया नहीं है। पिछले कुछ समय में कठवारा चौकी क्षेत्र के अंतर्गत कई अन्य आपराधिक घटनाएं घटित हो चुकी हैं, जिनमें पुलिस पूरी तरह नाकाम साबित हुई है। हाल ही के दिनों में क्षेत्र से कई ई-रिक्शा और उनकी कीमती बैटरियां चोरी हो चुकी हैं। इसके अलावा बदमाशों ने इलाके के एक फार्म हाउस और सरकारी आंगनबाड़ी केंद्र को भी निशाना बनाया था। इन सभी मामलों में पुलिस अब तक न तो चोरों का सुराग लगा पाई है और न ही चोरी का माल बरामद कर सकी है।
व्यापारियों ने दी आंदोलन की चेतावनी
चंद्रिका देवी मंदिर परिसर के दुकानदारों का कहना है कि अगर पुलिस ने जल्द ही अतुल सिंह की दुकान में हुई चोरी का खुलासा नहीं किया और चोरों को जेल नहीं भेजा, तो वे बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। व्यापारियों ने क्षेत्र में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है ताकि वे बिना किसी डर के अपना व्यापार कर सकें।

