गोसाईगंज हादसा: रॉन्ग साइड से आई बाइक ने ली मजदूर की जान
2:36 PM, Oct 11, 2026
R Express भारत
Share:
लखनऊ के गोसाईगंज इलाके में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। सिठौली खुर्द गांव के रहने वाले 47 वर्षीय दिनेश रावत शनिवार की देर शाम एक भयानक हा

दिनेश रावत की फाइल फोटो सौ0 RExpress भारत
उत्तर प्रदेश।लखनऊ के गोसाईगंज इलाके में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। सिठौली खुर्द गांव के रहने वाले 47 वर्षीय दिनेश रावत शनिवार की देर शाम एक भयानक हादसे का शिकार हो गए। दिनेश पेशे से मजदूरी करते थे और अपने परिवार का पेट पालते थे। इस दर्दनाक घटना के बाद से उनके हंसते-खेलते परिवार में कोहराम मच गया है।
परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, दिनेश के ससुर भगौती प्रसाद बाराबंकी के जैतपुर इलाके में रहते थे। लंबी बीमारी के चलते शनिवार की सुबह उनका देहांत हो गया था। ससुर की मौत की खबर सुनते ही दिनेश अपनी बाइक उठाकर तुरंत ससुराल पहुंचे थे। वहां दिनभर अंतिम संस्कार की रस्मों में शामिल होने के बाद, देर शाम वह अपनी मोटरसाइकिल से वापस घर के लिए निकले थे।
गंगागंज कस्बे के पास हुआ बड़ा हादसा
दिनेश अभी गोसाईगंज के गंगागंज कस्बे के पास पहुंचे ही थे कि सामने से काल बनकर आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दिनेश सड़क पर दूर जा गिरे। चश्मदीदों के अनुसार, टक्कर मारने वाला बाइक सवार सड़क की गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से बेहद तेज रफ्तार में आ रहा था। टक्कर मारने के तुरंत बाद आरोपी बाइक सवार अपनी गाड़ी लेकर मौके से रफूचक्कर हो गया।
सड़क पर लहूलुहान हालत में गिरे दिनेश को देखकर आसपास के लोगों ने तुरंत कंट्रोल रूम को फोन किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस का इंतजाम किया और दिनेश को तुरंत इलाज के लिए अपेक्स ट्रामा सेंटर भिजवाया। इसके बाद पुलिस ने दिनेश के ही मोबाइल से उनके घर वालों को इस अनहोनी की जानकारी दी।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें
हादसे की खबर सुनते ही दिनेश की पत्नी बुधाना, उनकी दो बेटियां और इकलौता बेटा बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचे। लेकिन वहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने दिनेश को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, सिर पर गहरी चोट लगने के कारण दिनेश की जान नहीं बचाई जा सकी। दिनेश ने सफर के दौरान हेलमेट नहीं पहन रखा था, जो उनकी मौत की एक बड़ी वजह बन गया।
दिनेश की मौत की खबर मिलते ही पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। दिनेश के चचेरे भाई महेश ने बताया कि पूरा हादसा वहां लगे किसी कैमरे में जरूर रिकॉर्ड हुआ होगा। परिवार ने मांग की है कि मौके के पास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जाए ताकि गलत दिशा से आकर टक्कर मारने वाले उस लापरवाह बाइक सवार की पहचान हो सके और उसे कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके।

