गुरुग्राम: गाड़ी के नंबर से निकाली लड़की की इंस्टा आईडी, सिपाही सस्पेंड
1:39 PM, Oct 11, 2026
R Express भारत
Share:
साइबर सिटी गुरुग्राम से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने महिलाओं की सुरक्षा करने वाली पुलिस पर ही बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। यहाँ सुरक्षा देने वाली खाकी खुद

युवती का पीछा करने वाला सिपाही सस्पेंड फोटो सौ0 RExpress भारत
साइबर सिटी गुरुग्राम से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने महिलाओं की सुरक्षा करने वाली पुलिस पर ही बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। यहाँ सुरक्षा देने वाली खाकी खुद कटघरे में है। एक मशहूर सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर शिवांगी पेशवानी ने वीडियो जारी कर पुलिस विभाग पर अपनी शक्तियों का गलत इस्तेमाल करने और पीछा करने के बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद से इंटरनेट पर लोगों का गुस्सा भड़क उठा है।
रात के सन्नाटे में शुरू हुआ पीछा
पीड़िता शिवांगी के अनुसार, यह घटना उस वक्त हुई जब वह रात के करीब 12:30 बजे अपनी कार से घर लौट रही थीं। रास्ते में पुलिस की एक गाड़ी ने कुछ दूरी तक उनकी कार का पीछा किया। उस समय तो शिवांगी किसी तरह अपने घर पहुंच गईं, लेकिन असली शॉक उन्हें घर पहुंचने के महज 15 मिनट बाद लगा।
फर्जी आईडी बनाकर भेजा मैसेज
घर पहुंचने के थोड़ी देर बाद ही शिवांगी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर 'सिमरन चोपड़ा' नाम की एक अज्ञात आईडी से मैसेज और कमेंट आया। उस मैसेज में लिखा था, "क्या आप वही महिला हैं जो अभी 15 मिनट पहले अपनी सफेद कार से इस कॉलोनी में आई थीं?" शिवांगी ने जब हैरान होकर पूछा कि उसे यह सब कैसे पता, तो सामने वाले ने कबूल किया कि वह वही पुलिसवाला है जो पीसीआर वैन में था। उसने माना कि उसने सरकारी सिस्टम का फायदा उठाकर शिवांगी की गाड़ी के नंबर प्लेट से उनका नाम और पर्सनल डिटेल्स निकालीं और फिर उन्हें इंस्टाग्राम पर ढूंढ निकाला। इसके बाद वह सिपाही लड़की पर कमेंट करने लगा और दोस्ती का दबाव बनाने लगा।
कार्रवाई के बजाय थाने में मिली नसीहत
परेशान होकर जब शिवांगी अपनी शिकायत लेकर साइबर क्राइम थाने पहुंचीं, तो वहां का नजारा और भी हैरान करने वाला था। शिवांगी का आरोप है कि वहां के अधिकारियों और थाना प्रभारी ने आरोपी पर कड़ा एक्शन लेने के बजाय उल्टा पीड़िता को ही नसीहत दे डाली। पुलिस अधिकारियों ने कहा, "वह सिर्फ दोस्ती ही तो करना चाहता था, उसका कोई गलत इरादा नहीं था। आप इतना परेशान मत होइए, बस उसे ब्लॉक कर दीजिए।"
वीडियो वायरल होने पर नपा सिपाही
जब पुलिस ने मदद नहीं की, तो शिवांगी ने पूरी आपबीती का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो देखते ही देखते वायरल हो गया और लोगों ने पुलिस के इस ढीले रवैये पर जमकर गुस्सा निकाला। मामला बढ़ता देख पुलिस के बड़े अधिकारियों ने तुरंत एक्शन लिया। विभाग का डेटाबेस निजी फायदे के लिए इस्तेमाल करने और लड़की को परेशान करने के आरोप में आरोपी पुलिस कांस्टेबल को सस्पेंड (निलंबित) कर दिया गया है। साथ ही उसके खिलाफ केस (FIR) दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

