टेढ़ीपुलिया पर मैजिक वालों की गुंडागर्दी: विरोध करने पर यात्री का बैग छीना, ₹10,000 पार
6:24 PM, Nov 3, 2026
R Express भारत
Share:
टेढ़ीपुलिया चौराहे का है, जहां एक मैजिक में ठूस-ठूस कर सवारियां बैठाने का विरोध करना एक सीधे-साधे मुसाफिर को बहुत भारी पड़ गया। विरोध से भड़के मैजिक ड्राइव

photo by - ( AI )
लखनऊ से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां ऑटो-मैजिक चालकों की मनमानी और दबंगई इस कदर बढ़ गई है कि विरोध करने पर वे सीधे लूटपाट पर उतारू हो जा रहे हैं। मामला टेढ़ीपुलिया चौराहे का है, जहां एक मैजिक में ठूस-ठूस कर सवारियां बैठाने का विरोध करना एक सीधे-साधे मुसाफिर को बहुत भारी पड़ गया। विरोध से भड़के मैजिक ड्राइवर और उसके साथियों ने न सिर्फ यात्री का बैग छीन लिया, बल्कि उसमें रखे 10 हजार रुपये भी उड़ा दिए।
मिली जानकारी के मुताबिक, सीतापुर के थानगांव इलाके के रहने वाले संतोष भारती इंदौर में काम करते हैं। वह इंदौर से सफर तय कर लखनऊ पहुंचे थे। टेढ़ीपुलिया चौराहे से उन्हें अपने गांव जाने के लिए आगे की गाड़ी पकड़नी थी, जिसके लिए वह वहां खड़े एक मैजिक में बैठ गए।
वीडियो बनाने पर मोबाइल छीनने की कोशिश
पीड़ित संतोष का कहना है कि मैजिक ड्राइवर गाड़ी में क्षमता से बहुत ज्यादा सवारियां भर रहा था। जब उन्होंने इस बात पर आपत्ति जताई और कहा कि इतनी भीड़ में बैठना मुश्किल है, तो ड्राइवर आगबबूला हो गया। दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते ड्राइवर ने संतोष का बैग अपने कब्जे में ले लिया। जब संतोष ने अपनी सुरक्षा और सबूत के लिए मोबाइल निकालकर इस पूरी घटना का वीडियो बनाना शुरू किया, तो ड्राइवर ने उनका फोन भी छीनने का प्रयास किया।
पुलिस के आते ही ठेकेदार के गुर्गे फरार
हंगामा बढ़ते देख पीड़ित ने फौरन 112 नंबर पर फोन करके पुलिस को इसकी जानकारी दी। आरोप है कि पुलिस को फोन लगता देख वहां अवैध रूप से स्टैंड चलाने वाले ठेकेदार और उसके लठैत गुर्गे भी मौके पर आ धमके और संतोष को डराने-धमकाने लगे। हालांकि, जैसे ही पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुंची, पुलिस को देखकर मैजिक संचालक और ठेकेदार के आदमी बैग को वहीं छोड़कर रफूचक्कर हो गए।
जब पुलिस की मौजूदगी में संतोष ने अपने बैग की तलाशी ली, तो उनके होश उड़ गए। बैग की चेन खुली हुई थी और उसमें रखे मेहनत की कमाई के 10,000 रुपये गायब थे। फिलहाल इस घटना के बाद से इलाके के मुसाफिरों में डर और गुस्से का माहौल है। पीड़ित ने पुलिस से अपनी रकम वापस दिलाने और दोषियों के खिलाफ सख्त एक्शन लेने की गुहार लगाई है।


