बीच सड़क पर गुंडई, युवक को बेल्ट और लाठियों से बेरहमी से पीटा; दी जान से मारने की धमकी
12:52 PM, Jul 29, 2026
R Express भारत
Share:
लखनऊ के बिजनौर इलाके से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ बेखौफ दबंगों ने कानून-व्यवस्था को ठेंगे पर रखकर एक युवक की बीच सड़क पर बेरहमी से पिटाई कर

घेरकर लाठी-डंडों और बेल्ट से किया हमला फोटो सौ0 RExpress भारत
लखनऊ के बिजनौर इलाके से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ बेखौफ दबंगों ने कानून-व्यवस्था को ठेंगे पर रखकर एक युवक की बीच सड़क पर बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना बिजनौर के माती गांव के पास फ्लिपकार्ट कंपनी के ठीक सामने की है। पीड़ित युवक का नाम अभिषेक यादव उर्फ पुतान है, जो माती गांव का ही रहने वाला है। दबंगों की इस सरेआम गुंडई का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है।
पीड़ित अभिषेक यादव ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि, वह बीती रात अपने काम से लौट रहा था। तभी फ्लिपकार्ट कंपनी के सामने घात लगाकर बैठे कुछ दबंग किस्म के युवकों ने उसे जबरन बीच रास्ते में रोक लिया। इससे पहले कि अभिषेक कुछ समझ पाता, आरोपियों ने उसे गालियां देना शुरू कर दिया और लाठी, डंडों व बेल्ट से उस पर टूट पड़े। दबंगों ने उसे सड़क पर दौड़ा-दौड़ा कर बेरहमी से पीटा। चीख-पुकार सुनकर भी राहगीर बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं जुटा सके।
अभिषेक का आरोप है कि, दबंग सिर्फ मारपीट कर ही नहीं रुके। लहूलुहान करने के बाद वे उसे जबरन अपने साथ एक सुनसान जगह पर ले गए। वहाँ आरोपियों ने उस पर तमंचा तान दिया। दबंगों ने सीधे तौर पर धमकी दी कि अगर इस मामले की भनक पुलिस तक पहुँची या किसी भी तरह की शिकायत दर्ज कराई, तो उसे जान से मार दिया जाएगा। इस खौफनाक घटना के बाद पीड़ित का पूरा परिवार डरा हुआ है।
पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल, हल्की धाराओं का आरोप
मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला तो दर्ज कर लिया है, लेकिन अब पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। पीड़ित अभिषेक और उसके परिवार का सीधा आरोप है कि इतनी बड़ी वारदात होने के बावजूद पुलिस आरोपियों को बचाने का खेल खेल रही है।
पीड़ित का कहना है कि, अपहरण की कोशिश, हथियारों के प्रदर्शन और जान से मारने की इतनी गंभीर धमकी के बाद भी पुलिस ने बेहद हल्की धाराओं में केस दर्ज किया है। परिवार का आरोप है कि पुलिस जानबूझकर मामले को कमजोर करने की कोशिश कर रही है ताकि रसूखदार आरोपियों को आसानी से राहत मिल सके।
उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार
स्थानीय पुलिस के इस ढुलमुल रवैये से परेशान होकर पीड़ित ने अब पुलिस महकमे के बड़े अधिकारियों का दरवाजा खटखटाया है। अभिषेक ने मांग की है कि ,मामले की पूरी तरह से निष्पक्ष जांच की जाए, घटना की गंभीरता को देखते हुए मुकदमे में सख्त धाराएं बढ़ाई जाएं और सरेराह गुंडई करने वाले इन दबंगों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। अब देखना यह होगा कि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद बड़े अफसर इस मामले में क्या कड़ा एक्शन लेते हैं।

