होमवीडियो
ब्रेकिंग
sliderimg
sliderimg

कन्नौज में भीषण हादसा: खड़ी स्कूल बस को ट्रक ने मारी टक्कर, 4 छात्रों की मौत

1:08 PM, Nov 24, 2026

मुस्कान​ सिंह
R Express भारत

Share:

उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर ठठिया इलाके के पास एक खड़ी स्कूल बस को

कन्नौज में भीषण हादसा: खड़ी स्कूल बस को ट्रक ने मारी टक्कर, 4 छात्रों की मौत

एक्सप्रेसवे पर काल बना तेज रफ्तार ट्रक फोटो सौ0 RExpress भारत

उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर ठठिया इलाके के पास एक खड़ी स्कूल बस को पीछे से आ रहे बेकाबू ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भयानक दुर्घटना में 4 स्कूली छात्रों की मौके पर ही जान चली गई, जबकि करीब तीन दर्जन बच्चे और स्कूल के कर्मचारी गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं।

कैसे हुआ यह भयानक हादसा?

मिली जानकारी के मुताबिक, कौशांबी जिले के ओरिएंटल पब्लिक स्कूल के बच्चे और स्टाफ शैक्षणिक भ्रमण और पिकनिक के लिए आगरा गए थे। ताजमहल और अन्य जगहों पर घूमने के बाद सभी लोग एक निजी बस में सवार होकर वापस कौशांबी लौट रहे थे। बस में करीब 50 छात्र और 8 कर्मचारी मौजूद थे।

मंगलवार सुबह करीब 6 बजे जब बस कन्नौज के ठठिया क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के 209 किलोमीटर पॉइंट के पास पहुंची, तो बच्चों को बाथरूम कराने के लिए चालक ने बस को सड़क के बिल्कुल किनारे खड़ा कर दिया। कुछ बच्चे बस से नीचे उतरे थे और कुछ अंदर ही बैठे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक के चालक ने नियंत्रण खो दिया और खड़ी बस में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

चार परिवारों के बुझे चिराग

सुबह के सन्नाटे में हुई इस टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और एक्सप्रेसवे पर गश्त कर रही सुरक्षा टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे बच्चों को बाहर निकाला गया। इस हादसे में जिन चार छात्रों ने अपनी जान गंवाई है, उनकी पहचान कौशांबी निवासी 14 वर्षीय आर्यन चौरसिया ,16 वर्षीय रजीउल्लाह ,17 वर्षीय अरमान और 17 वर्षीय जैद मिर्जा के रूप में हुई है। पिकनिक की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं।

घायलों का इलाज और रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस और एक्सप्रेसवे की रेस्क्यू टीम ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायल बच्चों और स्टाफ को तुरंत तिर्वा के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। डॉक्टरों की टीम घायलों के इलाज में जुटी है। हादसे में स्कूल के प्रबंधक सलमान और एक अन्य छात्र को बेहद गंभीर चोटें आई हैं, जिनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए कानपुर के बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया है।

परिजनों में मचा कोहराम

जैसे ही इस दुर्घटना की सूचना कौशांबी में बच्चों के परिवारों तक पहुंची, पूरे इलाके में कोहराम मच गया। बदहवास परिजन तुरंत कन्नौज के लिए रवाना हो गए। जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल बच्चों का हाल जाना और डॉक्टरों को हर संभव बेहतर इलाज मुहैया कराने को कहा है। जो छात्र इस हादसे में बाल-बाल बच गए हैं, उन्हें सुरक्षित उनके घर भेजने के लिए दूसरी बस का इंतजाम किया गया है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कर दिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।

विज्ञापन

विज्ञापन

सम्बंधित खबर

अपना शहर

और देखें

विज्ञापन

Follow Us:

Download App

Play Store

Subscribe Now

Play StoreR Express Bharat
Develop & Design by SpriteEra IT Solutions

Copyright © RexpressBharat, 2026