होमवीडियो
ब्रेकिंग
sliderimg

लखनऊ-कानपुर हाईवे पर मेडिकल छात्रों का बड़ा हंगामा, घंटों लगा रहा भीषण जाम

2:23 PM, Jul 8, 2026

मुस्कान​ सिंह
R Express भारत

Share:

बंथरा इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब भारी संख्या में मेडिकल छात्र अचानक सड़क पर उतर आए। बंथरा में मौजूद 'प्रसाद इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज' के सैकड

लखनऊ-कानपुर हाईवे पर मेडिकल छात्रों का बड़ा हंगामा, घंटों लगा रहा भीषण जाम

लखनऊ-कानपुर हाईवे पर मेडिकल छात्रों का बड़ा हंगामा फोटो सौ0 RExpress भारत

लखनऊ। बंथरा इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब भारी संख्या में मेडिकल छात्र अचानक सड़क पर उतर आए। बंथरा में मौजूद 'प्रसाद इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज' के सैकड़ों छात्र-छात्राओं और जूनियर डॉक्टरों ने अपनी मांगों को लेकर लखनऊ-कानपुर नेशनल हाईवे को पूरी तरह जाम कर दिया। छात्रों के इस अचानक उठाए कदम से हाईवे के दोनों तरफ गाड़ियों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं और राहगीर घंटों भीषण जाम में फंसे रहे।

मिली जानकारी के मुताबिक, इस पूरे बवाल की मुख्य वजह अस्पताल परिसर के अंदर डॉक्टरों और मेडिकल छात्रों के साथ आए दिन होने वाली बदसलूकी और मारपीट है। छात्रों का आरोप है कि अस्पताल में ड्यूटी के दौरान मरीज के तीमारदार और बाहरी लोग उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट करते हैं। जब छात्र इसकी शिकायत कॉलेज प्रशासन और मैनेजमेंट से करते हैं, तो उनकी बात को दबा दिया जाता है। मैनेजमेंट न तो डॉक्टरों को सुरक्षा दे पा रहा है और न ही दोषियों के खिलाफ कोई कड़ी कानूनी कार्रवाई करवाता है। इसी ढुलमुल रवैए से नाराज होकर छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा।

इसके साथ ही छात्रों ने कॉलेज के अंदरूनी नियमों, बुनियादी सुविधाओं की कमी और इंटर्नशिप के दौरान मिलने वाले भत्ते को लेकर भी अपनी नाराजगी जाहिर की। छात्रों का कहना है कि जब तक उन्हें काम करने के लिए सुरक्षित माहौल और लिखित में ठोस भरोसा नहीं मिलता, वे पीछे नहीं हटेंगे।

मौके पर मची अफरा-तफरी, पुलिस के फूले हाथ-पांव

हाईवे पर चक्काजाम की खबर मिलते ही स्थानीय बंथरा थाने की पुलिस और भारी पुलिस बल मौके पर दौड़ पड़ा। सड़क पर धरने पर बैठे छात्रों को समझाने की कोशिशें शुरू हुईं, लेकिन छात्र कॉलेज मैनेजमेंट के बड़े अधिकारियों को मौके पर बुलाने और तुरंत सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग पर अड़े रहे। इस हंगामे की वजह से चिलचिलाती धूप और गर्मी में आम जनता, एम्बुलेंस और जरूरी सामान ले जा रहे ट्रक बीच रास्ते में ही फंस गए।

आश्वासन के बाद खुला रास्ता

काफी देर तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे और पुलिस के आला अधिकारियों की दखल के बाद मामला शांत हो सका। पुलिस प्रशासन ने छात्रों को भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं होगा और मारपीट करने वाले बाहरी तत्वों के खिलाफ सख्त से सख्त कदम उठाए जाएंगे। साथ ही कॉलेज मैनेजमेंट को भी छात्रों की जायज मांगों पर तुरंत फैसला लेने की हिदायत दी गई। इस ठोस आश्वासन के बाद छात्रों ने हाईवे से अपना धरना खत्म किया, जिसके बाद पुलिस ने धीरे-धीरे यातायात को दोबारा सुचारू रूप से चालू करवाया।

विज्ञापन

विज्ञापन

सम्बंधित खबर

अपना शहर

और देखें

विज्ञापन

Follow Us:

Download App

Play Store

Subscribe Now

Play StoreR Express Bharat
Develop & Design by SpriteEra IT Solutions

Copyright © RexpressBharat, 2026