लखनऊ में कुर्सी रोड और जानकीपुरम में हटा अवैध कब्जा, दुकानदारों में मचा हड़कंप
1:25 PM, Jul 29, 2026
R Express भारत
Share:
लखनऊ की सड़कों को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए नगर निगम ने कमर कस ली है। बुधवार को नगर निगम की जोन 3 और जोन 7 की टीमों ने मिलकर कुर्सी रोड और जानकीपुरम इलाक

लखनऊ में नगर निगम का बड़ा एक्शन फोटो सौ0 RExpress भारत
उत्तर प्रदेश। लखनऊ की सड़कों को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए नगर निगम ने कमर कस ली है। बुधवार को नगर निगम की जोन 3 और जोन 7 की टीमों ने मिलकर कुर्सी रोड और जानकीपुरम इलाके में एक बड़ा अभियान चलाया। इस दौरान सड़क और डिवाइडर पर अवैध रूप से कब्जा जमाए बैठे दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे इलाके के दुकानदारों और ठेले-पटरी वालों में हड़कंप मच गया।
सड़कों पर बढ़ते जाम और राहगीरों को होने वाली परेशानी की शिकायतों के बाद नगर निगम प्रशासन ने यह कदम उठाया। इस कार्रवाई को अंजाम देने के लिए जोन 3 और जोन 7 की टीमों ने एक साथ मोर्चा संभाला। टीम जैसे ही कुर्सी रोड पहुंची, वहां सड़क के दोनों तरफ अवैध रूप से दुकान सजाए बैठे लोगों में भगदड़ मच गई। कई लोग अपना सामान समेटकर भागते नजर आए।
डिवाइडर से हटाए कब्जे, कटे चालान
कुर्सी रोड पर दुकानों को हटाने के बाद टीम सीधे जानकीपुरम के प्रसिद्ध चार नंबर चौराहे पर पहुंची। यहां स्थिति और भी खराब थी, जहां लोगों ने डिवाइडर पर ही अपनी दुकानें और ठेले लगा रखे थे। इसकी वजह से चौराहे पर हर समय ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती थी। टीम ने डिवाइडर पर किए गए सभी कब्जों को पूरी तरह हटा दिया। इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले कई बड़े दुकानदारों पर भारी जुर्माना लगाते हुए उनके चालान भी काटे गए।
गुडंबा पुलिस रही मौजूद
कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह के विरोध या हंगामे की आशंका को देखते हुए गुडंबा पुलिस की टीम शुरू से अंत तक मौके पर डटी रही। पुलिस बल की मौजूदगी के कारण अतिक्रमण करने वाले लोग टीम का विरोध नहीं कर पाए और पूरा अभियान शांतिपूर्ण तरीके से पूरा हो गया। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि शहर की सड़कों को साफ-सुथरा और जाम मुक्त रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि आम जनता को आने-जाने में कोई दिक्कत न हो।

