सांप के काटने पर अस्पताल के बजाय तांत्रिक के पास ले गए परिजन, तड़प-तड़प कर मौत
3:50 PM, Aug 26, 2026
R Express भारत
Share:
मलिहाबाद के बिराहिमपुर गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां जागरूकता की कमी और झाड़-फूंक के चक्कर में एक महिला को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा

मलिहाबाद में अंधविश्वास ने ली बुजुर्ग महिला की जान फोटो सौ0 RExpress भारत
लखनऊ।मलिहाबाद के बिराहिमपुर गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां जागरूकता की कमी और झाड़-फूंक के चक्कर में एक महिला को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। यहाँ रहने वाली 55 वर्षीय चंपा देवी अपने घर में काम कर रही थीं। इसी दौरान अनाज की टंकी के पीछे छिपे एक जहरीले सांप ने उन्हें काट लिया। सांप के काटते ही घर में चीख-पुकार मच गई।
आधुनिक दौर में भी अंधविश्वास किस कदर हावी है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि परिजन महिला को तुरंत किसी डॉक्टर या नजदीकी अस्पताल ले जाने के बजाय पास के ही भौसा गांव में एक तांत्रिक के पास लेकर भाग गए। वहां तांत्रिक ने महिला को ठीक करने का दावा किया और नीम की पत्तियों से जहर उतारने का ढोंग शुरू कर दिया।
आधे घंटे तक चला झाड़-फूंक का खेल
तांत्रिक करीब आधे घंटे से ज्यादा समय तक तंत्र-मंत्र का नाटक करता रहा। इस बीच सांप का जहर महिला के पूरे शरीर में फैल गया और उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई। जब महिला की हालत पूरी तरह नाजुक हो गई और वह बेहोश होने लगी, तब जाकर परिजनों के हाथ-पैर फूले। इसके बाद आनन-फानन में वे महिला को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे।
अस्पताल पहुँचने से पहले ही थमी सांसें
अस्पताल के डॉक्टरों ने महिला की जांच की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने चंपा देवी को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों का कहना है कि अगर महिला को समय रहते अस्पताल लाया जाता और एंटी-वेनम (जहर काटने का इंजेक्शन) दे दिया जाता, तो उसकी जान आसानी से बचाई जा सकती थी। अंधविश्वास के कारण की गई देरी ही मौत की मुख्य वजह बनी।
ग्रामीणों ने सांप को जाल में फंसाया
इस घटना के बाद गुस्से में आए ग्रामीणों ने घर के अंदर तलाशी ली और कड़ी मशक्कत के बाद उस सांप को एक जाल की मदद से जिंदा पकड़ लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना तुरंत वन विभाग की टीम को दी और सांप को उनके हवाले कर दिया। इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में मातम पसरा है।

