रात के सन्नाटे में बिना नंबर की कार से आए बदमाश, कटर से काट डाला ATM, एक दबोचा
6:15 PM, Aug 21, 2026
R Express भारत
Share:
लखनऊ के मोहनलालगंज इलाके में बृहस्पतिवार की आधी रात को बेखौफ बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में एक एटीएम को काटकर लूटने की सनसनीखेज कोशिश की।

आधी रात को ATM में कटर गैंग का धावा फोटो सौ0 RExpress भारत
लखनऊ के मोहनलालगंज इलाके में बृहस्पतिवार की आधी रात को बेखौफ बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में एक एटीएम को काटकर लूटने की सनसनीखेज कोशिश की। पूरी तैयारी के साथ आए अपराधियों ने मशीन को कटर से काटना शुरू कर दिया और उसकी स्क्रीन तथा कैश ट्रॉली तक उखाड़ ले गए। हालांकि, ऐन वक्त पर स्थानीय लोगों की सतर्कता के कारण पुलिस मौके पर पहुँच गई। पुलिस को देखकर बदमाश भागने लगे, जिसके बाद घेराबंदी करके एक संदिग्ध को दबोच लिया गया है।
आधी रात को बिना नंबर की कार से पहुंचे शातिर
यह पूरी वारदात मोहनलालगंज कस्बे के मुख्य मौरांवा रोड पर स्थित 'इंडिया फर्स्ट' बैंक के एटीएम की है। रोज की तरह रात करीब एक बजे चारों तरफ सन्नाटा पसरा हुआ था। तभी अचानक सड़क पर एक बिना नंबर प्लेट की संदिग्ध कार आकर रुकी। कार से उतरे कुछ शातिर बदमाश सीधे एटीएम बूथ के भीतर दाखिल हो गए। बदमाशों के पास मशीन को काटने के लिए गैस कटर और आधुनिक औजार मौजूद थे। उन्होंने बिना समय गंवाए एटीएम मशीन पर कटर चलाना शुरू कर दिया। अपराधी बेहद शातिर थे और बहुत तेजी से मशीन के उस हिस्से को काटने की कोशिश कर रहे थे, जहाँ लाखों रुपये का कैश जमा रहता है।
सन्नाटे में गूंजी खटपट, जाग गए लोग
बदमाशों ने मशीन की मुख्य स्क्रीन और अंदर लगी कैश ट्रॉली को पूरी तरह से उखाड़कर अलग कर दिया था। लेकिन इसी तोड़फोड़ के दौरान एटीएम बूथ से तेज 'खटपट' और लोहे के कटने की आवाजें आने लगीं। रात का सन्नाटा होने के कारण यह आवाज आसपास के घरों में सो रहे लोगों के कानों तक पहुँच गई। कुछ लोगों की नींद खुल गई और उन्हें तुरंत किसी अनहोनी का शक हुआ। जब उन्होंने खिड़की से झांककर देखा, तो एटीएम के बाहर बिना नंबर की गाड़ी खड़ी थी। स्थानीय लोगों ने समझदारी दिखाई और बिना शोर मचाए तुरंत फोन पर पुलिस को इस बात की खबर दे दी।
सूचना मिलते ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम तुरंत सायरन बजाते हुए मौके की तरफ दौड़ पड़ी। पुलिस की गाड़ी को आता देख एटीएम के अंदर मौजूद बदमाशों के हाथ-पांव फूल गए। वे लूट का काम बीच में ही छोड़कर बाहर खड़ी अपनी कार की तरफ भागे और गाड़ी को तेज रफ्तार में भगा ले गए। पुलिस ने भी मुस्तैदी दिखाते हुए उनका पीछा करना शुरू कर दिया। सड़क पर कुछ दूर तक लुकाछिपी का खेल चलता रहा। आखिरकार पुलिस ने घेराबंदी करके कार सवार एक संदिग्ध बदमाश को दबोच लिया, जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर उसके बाकी साथी भागने में कामयाब रहे।
लाखों का कैश बचा या गया? सस्पेंस बरकरार
पकड़े गए संदिग्ध को तुरंत थाने ले जाया गया है, जहाँ बंद कमरे में उससे कड़ी पूछताछ चल रही है। पुलिस की टीमें फरार बदमाशों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। इस पूरी वारदात के बाद सबसे बड़ा सस्पेंस इस बात को लेकर है कि एटीएम के अंदर रखा हुआ कैश सुरक्षित है या बदमाश उसे निकाल ले गए?
इस मामले पर थाना प्रभारी रामबाबू सिंह का कहना है कि, बदमाशों ने एटीएम मशीन को बुरी तरह से नुकसान पहुँचाया है। मशीन के भीतर रखा कैश चोरी हुआ है या नहीं, इसका सही अंदाजा बैंक के तकनीकी कर्मचारियों और अधिकारियों के आने के बाद ही लग पाएगा। बैंक के हेड ऑफिस को इसकी जानकारी दे दी गई है। उनके आने के बाद ही स्थिति साफ होगी। फिलहाल इलाके में इस घटना को लेकर काफी चर्चा है।

