IND vs SL 1st Test: मानव सुथार के 10 विकेट, गॉल टेस्ट जीता भारत
3:10 PM, Aug 19, 2026
R Express भारत
Share:
गॉल टेस्ट में भारतीय क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को 165 रनों से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। इस ऐतिहासिक जीत के सबसे बड़े हीरो युवा स्पिनर मानव सुथार

photo by - google
उत्तर प्रदेश।गॉल टेस्ट में भारतीय क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को 165 रनों से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। इस ऐतिहासिक जीत के सबसे बड़े हीरो युवा स्पिनर मानव सुथार रहे, जिन्होंने अपनी फिरकी के जाल में श्रीलंकाई बल्लेबाजों को ऐसा उलझाया कि पूरी टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई।
मानव सुथार का जादुई स्पेल
गॉल की घूमती पिच पर मानव सुथार का जलवा देखने को मिला। उन्होंने दूसरी पारी में खतरनाक गेंदबाजी करते हुए 55 रन देकर 6 विकेट चटकाए। पहली पारी में भी सुथार ने 4 विकेट अपनी झोली में डाले थे। इस तरह उन्होंने मैच में कुल 10 विकेट लेकर श्रीलंकाई टीम की कमर तोड़ दी। उनकी सटीक लाइन-लेंथ और टर्न के आगे मेजबान बल्लेबाजों के पास कोई जवाब नहीं था।
श्रीलंका की दूसरी पारी का रोमांच
जीत के लिए मिले 372 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम दूसरी पारी में 206 रनों पर सिमट गई। कप्तान धनंजय डी सिल्वा (59 रन) और सोनल दिनुषा (84 रन) ने 95 रनों की जुझारू पार्टनरशिप करके भारतीय गेंदबाजों को थोड़ा परेशान जरूर किया। लेकिन पांचवें दिन रविंद्र जडेजा ने इस जोड़ी को तोड़ा, जिसके बाद मानव सुथार ने निचले क्रम को टिकने का कोई मौका नहीं दिया। श्रीलंका ने अपने आखिरी तीन विकेट बिना कोई रन जोड़े गंवा दिए।
पहली पारी में भारत का दबदबा
टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए भारत ने पहली पारी में 462 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। इस पारी में देवदत्त पडिक्कल ने शानदार 167 रनों की शतकीय पारी खेली, जबकि केएल राहुल ने 82 रन बनाए। जवाब में श्रीलंकाई टीम अपनी पहली पारी में सोनल दिनुषा के शतक (100 रन) के बावजूद 284 रनों पर ढेर हो गई थी। इसके बाद भारत ने अपनी दूसरी पारी में ऋषभ पंत के तेजतर्रार 66 रनों की बदौलत 193 रन बनाए और श्रीलंका को एक बड़ा टारगेट दिया।
इस बेमिसाल प्रदर्शन के साथ टीम इंडिया ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) की अंक तालिका में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है। अब दोनों टीमों के बीच सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जाएगा, जहां भारत की नजरें क्लीन स्वीप पर होंगी।

