लखनऊ में पुलिस मुठभेड़ के बाद अंतर्राज्यीय गैंग का पर्दाफाश, सरगना सहित 7 अरेस्ट
4:39 PM, May 31, 2026
R Express भारत
Share:
कृष्णानगर थाना पुलिस और सर्विलांस टीमों ने एक संयुक्त ऑपरेशन चलाकर दिल्ली के एक खतरनाक अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने देर रात हुई एक मुठ

लखनऊ पुलिस की बड़ी कार्रवाई सौ0 RExpress भारत
लखनऊ। कृष्णानगर थाना पुलिस और सर्विलांस टीमों ने एक संयुक्त ऑपरेशन चलाकर दिल्ली के एक खतरनाक अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने देर रात हुई एक मुठभेड़ के बाद गिरोह के मास्टरमाइंड समेत कुल सात बदमाशों को दबोचने में कामयाबी पाई है। यह गैंग लखनऊ के अलग-अलग पॉश इलाकों में छिनैती और लूट की वारदातों को अंजाम देकर दहशत फैला रहा था।
अधिकारियों के मुताबिक, सर्विलांस और स्थानीय इनपुट के आधार पर संदिग्धों की घेराबंदी की गई थी। खुद को घिरता देख अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई और आत्मरक्षा में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें गिरोह का मुख्य सरगना रोहन उर्फ गुड्डू और उसका प्रमुख सहयोगी सालिह पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने तत्काल दोनों को अस्पताल पहुंचाया और मौके से ही गिरोह के पांच अन्य सक्रिय सदस्यों को भी दबोच लिया।
चार थाना क्षेत्रों में मचा रखा था कोहराम
पूछताछ में सामने आया है कि, दिल्ली के रहने वाले ये अपराधी लखनऊ में अपना ठिकाना बनाकर रह रहे थे। आरोपियों ने हाल के दिनों में शहर के चार प्रमुख थाना क्षेत्रों—कृष्णानगर, आशियाना, पीजीआई और सुशांत गोल्फ सिटी में ताबड़तोड़ लूटपाट और छिनैती की चार बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया था। गिरोह मुख्य रूप से राहगीरों और महिलाओं को अपना निशाना बनाता था।
अवैध हथियार और कैश बरामद
गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से पुलिस टीम ने वारदात में इस्तेमाल होने वाली एक कार और दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इसके अलावा बदमाशों के कब्जे से लूटे गए 27 हजार रुपये नकद और एक सोने की चेन भी मिली है। अपराधियों के पास से भारी मात्रा में अवैध असलहे भी बरामद हुए हैं, जिनमें दो देसी तमंचे (315 बोर), तीन खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और 9 एमएम के दो खोखा कारतूस शामिल हैं।
इस पूरे ऑपरेशन को डीसीपी अमित कुमार और रल्लापल्ली वसंथ कुमार के कुशल मार्गदर्शन और एसीपी रजनीश वर्मा के जमीनी निर्देशन में अंजाम दिया गया। पुलिस कमिश्नरेट की इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय नागरिकों ने राहत की सांस ली है। पुलिस अब पकड़े गए अपराधियों के पुराने आपराधिक इतिहास को खंगालने में जुट गई है, ताकि इस पूरे नेटवर्क की जड़ों को काटा जा सके।

