कुशीनगर को मिलेगी जेवर और गया जी की डायरेक्ट फ्लाइट, सीएम योगी ने किया बड़ा ऐलान
2:07 PM, Jul 11, 2026
R Express भारत
Share:
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर को बहुत जल्द दो बड़े शहरों से सीधे हवाई मार्ग से जोड़ दिया जाएगा। अब यहां के लोग और विदेशी सैलानी सीधे दिल्ली के पास जेवर इंटरनेशनल

कुशीनगर को मिलेगी जेवर और गया जी की डायरेक्ट फ्लाइट फोटो सौ0RExpress भारत
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर को बहुत जल्द दो बड़े शहरों से सीधे हवाई मार्ग से जोड़ दिया जाएगा। अब यहां के लोग और विदेशी सैलानी सीधे दिल्ली के पास जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट और बिहार के गया जी के लिए उड़ान भर सकेंगे। कुशीनगर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को एक जनसभा के दौरान यह बड़ा ऐलान किया। सरकार की इस नई योजना से इलाके में पर्यटन और रोजगार के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि, कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ानों की संख्या बढ़ाने के लिए लगातार काम हो रहा है। जेवर एयरपोर्ट और गया जी से जुड़ने के बाद बौद्ध धर्म को मानने वाले विदेशी यात्रियों को काफी सहूलियत होगी। वे बिना किसी परेशानी के सीधे भगवान बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली कुशीनगर आ सकेंगे। इससे न केवल पर्यटन बढ़ेगा बल्कि स्थानीय कारोबारियों को भी बड़ा फायदा मिलेगा।
525 करोड़ के प्रोजेक्ट्स का तोहफा
अपने इस दौरे पर मुख्यमंत्री ने कुशीनगर की जनता को 525 करोड़ रुपये से ज्यादा की 464 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। कई नई सड़कों, बिजली और पानी से जुड़े प्रोजेक्ट्स की शुरुआत की गई है। इस दौरान सीएम ने कहा कि कुशीनगर अब विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। सड़कों को चमकाया जा रहा है ताकि आने-जाने वाले लोगों को कोई परेशानी न हो। युवाओं के लिए यहां महात्मा बुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का काम भी तेजी से चल रहा है।
बीमारियों से मिली मुक्ति और बदला एक नाम
मंच से बोलते हुए सीएम ने स्वास्थ्य के मोर्चे पर मिली कामयाबी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि, एक समय था जब यह इलाका इंसेफेलाइटिस के डर से कांपता था और मासूम बच्चे दम तोड़ देते थे। लेकिन अब सही इलाज और साफ-सफाई की वजह से कुशीनगर को इस जानलेवा बीमारी से पूरी तरह छुटकारा मिल गया है। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने जैन धर्म की आस्था का सम्मान करते हुए कुशीनगर के फाजिलनगर का नाम बदलकर 'पावागढ़' करने के फैसले को हरी झंडी दे दी है।

